बलौदा बाजार
पांच लबालब, अधिकांश में 70 फीसदी से अधिक पानी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 13 अक्टूबर। सितंबर में हुई जमकर बारिश ने केवल जिले के नदी -नालों की ही तस्वीर नहीं बदली है बल्कि अधिकांश जलाशयों की ही पूरी तस्वीर बदल कर रख दी हैं। लेट वैरायटी के धान उत्पादक किसानों के साथ ही साथ जिले के जलाशयों के लिए भी संजीवनी साबित हुई हैं।
जुलाई के अपेक्षाकृत कमजोर बारिश के बाद जलाशयों में भी जल स्तर काफी कम था, जो अगस्त और सितंबर में हुई बारिश से जिले के सूखे पड़े जलाशयों की पूरी तस्वीर बदल दी गई है और जलाशयों में भरपूर पानी भर गया है।
स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जिले के कुल एक मध्यम तथा 37 लघु जलाशयों में यानी कुल 38 जलाशयों में से जुलाई तक किसी भी जलाशय में 100 फीसदी जल भराव नहीं था। वहीं जिले के सबसे बड़े जलाशयों बलार जलाशय में भी महज 55 फीसदी ही पानी भरा हुआ था।
परंतु अगस्त के बाद सितंबर में जोरदार बारिश के बाद बलार जलाशय में 96 फीसदी पानी भर गया है, वहीं जिले के पांच जलाशयों में 100 फीसदी तक, बाकि जलाशयों में भी पर्याप्त पानी भर गया है। जलाशयों में जल भराव का वर्तमान लाभ किसानों को हो रहा है।
धान की फसल के लिए सिंचाई की मांग को देखते हुए जल संसाधन विभाग द्वारा 18 जलाशयों के गेट खोले गए हैं। इससे धान की फसलों को भरपूर लाभ मिल रहा है।
जलाशयों में भरा पानी जिले के किसानों के साथ ही साथ आगामी ग्रीष्म ऋतु में भी भूजल स्तर के साथ ही साथ ग्रामीण इलाके के लोगों के लिए भी लाभकारी साबित होगा।
विदित हो कि इस वर्ष भीषण गर्मी की वजह से में जून में जलाशयों की स्थिति सर्वाधिक खराब रही है तथा अधिकांश जलाशयों में तल तक पानी पहुंच गया था। जिले में एक मध्यम जलाशय बलार जलाशय के अलावा लघु जलाशयों की संख्या 37 हैं। जुलाई के अंत तक जलाशयों में जल स्तर बेहद कम था, जिसकी वजह से ग्रामीणों में चिंता व्याप्त थी।
भूजल स्तर व निस्तारी संकट टला
जलाशयों में पर्याप्त पानी भरने से खरीफ फसल की चिंता समाप्त होने के साथ-साथ आगामी भीषण गर्मी में भूजल स्तर बनाए रखने और ग्रामीण क्षेत्रों में निस्तारी (पेयजल/दैनिक उपयोग) की समस्या दूर हो गई है।