बलौदा बाजार

पलारी सीएचसी में मुक्तांजलि वाहन बंद, निजी एंबुलेंस को देने पड़े ढाई हजार
12-Oct-2026 7:44 PM
पलारी सीएचसी में मुक्तांजलि वाहन बंद, निजी एंबुलेंस को देने पड़े ढाई हजार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 12 अक्टूबर। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पलारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र  में सरकार की नि:शुल्क मुक्तांजलि शव वाहन सेवा बंद होने के कारण एक गरीब परिवार को भारी आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ा। टेंडर समाप्त होने से सेवा बंद होने पर परिजनों को महज 10 किलोमीटर दूर शव ले जाने के लिए निजी एंबुलेंस चालक को 2,500 रुपये देने पड़े।

ग्राम सिसदेवरी निवासी धनीराम यादव अपनी चचेरी बहन ज्योति की तबीयत खराब होने पर उन्हें पलारी सीएचसी लेकर पहुंचे थे, जहां 108 एंबुलेंस में ही उनकी मौत हो गई।

 अस्पताल से शव घर तक पहुँचाने के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली सरकारी मुक्तांजलि सेवा का टेंडर समाप्त होने के कारण यह सुविधा 30 सितंबर से बंद पड़ी है।

 जिला खनिज न्यास  से स्वास्थ्य केंद्र को उपलब्ध कराई गई एंबुलेंस भी ड्राइवर न होने के कारण उपलब्ध नहीं हो सकी। ऐसे में मजबूरी में परिजनों को निजी वाहन के लिए 2,500 रुपये चुकाने पड़े।  इस गंभीर व्यवस्थागत लापरवाही पर कसडोल विधायक संदीप साहू ने संज्ञान लेते हुए कहा है कि वे इस मामले को लेकर कलेक्टर से चर्चा करेंगे और मरीजों व परिजनों के लिए तुरंत वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करवाएंगे।


अन्य पोस्ट