बलौदा बाजार

एसपी ने ली क्राईम मीटिंग, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने निर्देश
12-Oct-2026 7:40 PM
एसपी ने ली क्राईम मीटिंग, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 12 अक्टूबर। पुलिस अधीक्षक गौरव राय की अध्यक्षता में 10 अक्टूबर  को पुलिस कार्यालय सभाकक्ष, बलौदाबाजार में जिले की महत्वपूर्ण क्राईम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में समस्त राजपत्रित अधिकारी और सभी थाना-चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

बैठक में वर्ष 2024 से 2025 तक के लंबित अपराधों, मर्ग डायरियों और शिकायतों का विशेष अभियान चलाकर प्राथमिकता से निकाल करने के कड़े निर्देश दिए गए। सीसीटीएनएस पोर्टल पर शत-प्रतिशत और समयबद्ध प्रविष्टियां सुनिश्चित करने तथा विवेचना के दौरान अनिवार्य रूप से ई-साक्ष्य की एंट्री करने पर विशेष जोर दिया गया।

साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए एमआरएम और जीआरएम पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई कर ठगी गई राशि की रिकवरी सुनिश्चित करने को कहा गया।

वर्तमान में जारी नवरात्रि, दशहरा और आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर जिले में चाक-चौबंद सुरक्षा प्रबंध करने तथा असामाजिक तत्वों और हुड़दंगियों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

 थानों में उपलब्ध पुलिस बल का युक्तिसंगत उपयोग करते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस विजिबिलिटी  बढ़ाने को कहा गया।

बेहतर पुलिसिंग और सजगता का परिचय देने वाले थाना प्रभारियों—निरीक्षक प्रवीण मिंज और निरीक्षक परिवेश तिवारी—की कार्यप्रणाली की विशेष रूप से सराहना की गई, ताकि अन्य अधिकारी भी इससे प्रेरित हो सकें।


अन्य पोस्ट