बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 11 अक्टूबर। बलौदाबाजार जिले के कसडोल ब्लॉक स्थित ग्राम डेराडीह में राष्ट्रीय राजमार्ग-130बी के किनारे बहने वाली जोकनदी से अवैध रेत उत्खनन का मामला सामने आया है। प्रशासनिक सख्ती और मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देशों के दावों के बावजूद हो रहे इस अवैध कारोबार से पर्यावरण और क्षेत्र की सडक़ों को भारी नुकसान पहुंच रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, रात ढलते ही (करीब 9-10 बजे के बाद) नदी से ट्रैक्टरों द्वारा रेत निकाली जाती है। इसके बाद जेसीबी मशीनों की मदद से रेत को हाइवा गाडिय़ों में लोड कर परिवहन किया जाता है, जो पिछले कई महीनों से लगातार जारी है।
क्षेत्र में चर्चा है कि रात के वक्त उत्खनन के दौरान एक स्थानीय जनप्रतिनिधि अमोदी चौक पर बैठकर कथित रूप से निगरानी करते हैं, हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि वैध रेत घाटों के बंद होने का फायदा उठाकर यह अवैध कारोबार फल-फूल रहा है। इस संबंध में जिला खनिज अधिकारी अवधेश बारिक ने जानकारी मिलने की पुष्टि करते हुए डेराडीह में जांच कर त्वरित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।