बलौदा बाजार

विधायक की गाड़ी पर पथराव, बाल-बाल बचे
10-Oct-2026 7:35 PM
विधायक की गाड़ी पर पथराव, बाल-बाल बचे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भाटापारा, 10 अक्टूबर। ग्राम कड़ार में बीती रात भाटापारा विधायक इन्द्र साव की गाड़ी पर पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। विधायक ग्राम लेवई में शोक कार्यक्रम में शामिल होकर अपने निवास की ओर लौट रहे थे।

इसी दौरान ग्राम कड़ार के पास उनकी गाड़ी को पत्थर से निशाना बनाया गया। अचानक हुए पथराव में विधायक बाल-बाल बच गए, जबकि वाहन को नुकसान पहुंचा है।  पथराव से वाहन में सवार लोगों में अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। घटना के बाद विधायक की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

घटना के बाद मामले की शिकायत भाटापारा ग्रामीण थाना में किए जाने की जानकारी सामने आई है। शिकायत के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर सवाल उठ रहे हैं। शिकायतकर्ता पक्ष का कहना है कि घटना की जानकारी पुलिस को दिए जाने के बाद भी अब तक आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।

पुलिस के सामने अब पथराव करने वालों की पहचान करने और घटना के कारणों का पता लगाने की चुनौती है। घटना के पीछे किसी तरह का विवाद था या अचानक वाहन को निशाना बनाया गया, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

फिलहाल पुलिस घटना में शामिल लोगों की पहचान, पथराव के कारण और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है। वाहन को हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट