बलौदा बाजार

कोलिहा में कबड्डी स्पर्धा, मुंगेली ने जीता खिताब
08-Oct-2026 9:11 PM
कोलिहा में कबड्डी स्पर्धा, मुंगेली ने जीता खिताब

64 टीमों ने लिया हिस्सा, अमलीडीह (क) उपविजेता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भाटापारा, 8 अक्टूबर। ग्राम कोलिहा कौशलपुर में कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कुल 64 टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों से मजबूत और प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों से सुसज्जित टीमों ने भाग लेकर खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

खिताबी मुकाबले में मुंगेली की टीम ने अमलीडीह (क) की टीम को शिकस्त देकर प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में मुंगेली की टीम को प्रथम पुरस्कार के रूप में 15 हजार रुपये, अमलीडीह (क) की टीम को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 10 हजार रुपये, नवागढ़ की टीम को तृतीय पुरस्कार के रूप में 7 हजार रुपये तथा सूरजपुरा की टीम को चतुर्थ पुरस्कार के रूप में 5 हजार रुपये प्रदान किए गए।

अमलीडीह (क) की टीम की अगुवाई अमलीडीह के सरपंच तुषार गोपी यादव ने की। टीम का उत्साह बढ़ाने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण भी प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचे। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए अमलीडीह के सरपंच तुषार गोपी यादव को बेस्ट रेडर ऑफ द टूर्नामेंट के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।  प्रतियोगिता के लगातार सफल आयोजन के लिए उन्होंने समस्त ग्रामवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि कबड्डी अनुशासन, संयम, कौशल, स्टेमिना और टीम वर्क का खेल है। जिस टीम के सभी खिलाड़ी बेहतर सामंजस्य के साथ अच्छा प्रदर्शन करते हैं, वही टीम जीत हासिल करती है। उन्होंने अमलीडीह की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि खिलाडिय़ों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया और टीम ने प्रतियोगिता में उपविजेता स्थान हासिल कर गांव का नाम रोशन किया।


अन्य पोस्ट