बलौदा बाजार
बलौदाबाजार, 8 अक्टूबर। वरिष्ठ कांग्रेस नेता व पाठ्य पुस्तक निगम के पूर्व अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था और जल प्रबंधन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बताया कि पहले बाढ़ से फसलें प्रभावित होने के बाद अब किसान पानी की कमी और सूखे का सामना कर रहे हैं।
बलौदाबाजार ब्रांच कैनाल और लवन ब्रांच कैनाल के टेल एरिया स्थित गांवों (जैसे कोकड़ी) तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। धान की फसल गभौत (पोटरीपान) की स्थिति में है, लेकिन खेतों में दरारें पड़ रही हैं। इससे फसल सूखने और धान में बदरा (थोंथा) बढऩे की आशंका है।
अर्जुनी जैसे एग्रीमेंट वाले ऊपरी गांव में भी पानी नहीं पहुंच रहा है। ग्रामीणों ने जल प्रबंध संभाग क्रमांक दो के कार्यपालन अभियंता को आवेदन देकर 14 नंबर नाली सहित टेल क्षेत्रों में पानी छोडऩे की मांग की है।
क्षेत्र के विधायक राज्य के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री हैं। इसके बावजूद बलौदाबाजार, कसडोल और भाटापारा क्षेत्र के किसान पानी के लिए लगातार अधिकारियों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।