बलौदा बाजार
बलौदाबाजार, 8 अक्टूबर। बलौदाबाजार के थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने रवान स्थित अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री में घुसकर चोरी का प्रयास करने और सुरक्षा गार्ड पर जानलेवा हमला करने के मामले में फरार चल रहे चौथे आरोपी समीर सायतोड़े को गिरफ्तार कर लिया है।
अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री रवान में तैनात सुरक्षा गार्ड प्रशांत सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20 सितंबर को दोपहर एक बजे एएफआर एरिया में ड्यूटी के दौरान चार युवक बाउंड्रीवॉल कूदकर अंदर घुसे और चोरी का प्रयास करने लगे। मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज व मारपीट की, जिसमें योगेश यादव ने लोहे के पाइप से गार्ड के सिर पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
मामले में पुलिस ने कई धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया था।
पूर्व में गिरफ्तार आरोपी में राकेश दास मानिकपुरी उर्फ राका ग्राम भद्रापाली, योगेश यादव ग्राम भद्रापाली, भूपेन्द्र मांडले (19 वर्ष) ग्राम खैरताल हैं।
चौथे आरोपी समीर सायतोड़े ग्राम खैरताल को 6 अक्टूबर को घेराबंदी कर पकड़ा गया। आरोपी के कब्जे से घटना के समय पहने खून से सने कपड़े जब्त कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।