बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 5 अक्टूबर। बलौदाबाजार जिले के बारनवापारा और देवपुर वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्रामीण इलाकों में 30 हाथियों का दल लगातार विचरण कर रहा है।
हाथियों द्वारा किसानों की धान की फसल को नुकसान पहुंचाए जाने से प्रभावित ग्रामीणों और किसानों में चिंता व्याप्त है। वन विभाग की टीम हाथियों को आबादी और खेतों से दूर खदेडऩे के प्रयास में जुटी हुई है।
देवपुर परिक्षेत्र के कोशमसारा, पकरीद और गीतपुरी क्षेत्र (कक्ष क्रमांक 289 व 290) में लगभग 30 हाथियों का दल पिछले 3-4 दिनों से मौजूद है। हाथी बार-देवपुर मुख्य मार्ग और कंतरा-पकरीद मार्ग के आसपास देखे जा रहे हैं।
धान पकने की इस अवधि के दौरान लगभग 20 किसानों की 100 एकड़ से अधिक धान की फसल को हाथियों के दल ने नुकसान पहुंचाया है।
वन विभाग के मैदानी अमले द्वारा मिर्च का धुआं करने और पटाखे फोडऩे जैसे तरीकों से हाथियों के दल को रिहायशी व कृषि क्षेत्रों से दूर जंगल की ओर खदेडऩे का प्रयास लगातार किया जा रहा है।