बलौदा बाजार

मोहन गांव की 5 मीटर जमीन बहा ले गई महानदी की बाढ़, 40 साल से बढ़ता कटाव अब श्मशान तक पहुंचा
02-Oct-2026 10:17 PM
मोहन गांव की 5 मीटर जमीन बहा ले गई महानदी की बाढ़,  40 साल से बढ़ता कटाव अब श्मशान तक पहुंचा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 2 अक्टूबर। पिछले दिनों पूरे प्रदेश में हुई मूसलाधार बारिश के चलते नदी नाले उफान पर आ गए, वहीं धमतरी के गंगरेल बांध से महानदी में छोड़ा गया पानी बलौदाबाजार जिले के तटीय गांव के लिए आफत बन गया। बाढ़ के कारण कई रास्ते बंद हो गए, जिससे पलारी तहसील के अमेठी, बीजराड़ीह और मोहन गांव सबसे ज्यादा प्रभावित हुए। महानदी में आई इस बाढ़ ने मोहन गांव को पूरी तरह डुबो दिया।

लगभग 18 घंटे तक पूरा गांव जलमग्न रहा जब पानी उतरा तो वह अपने साथ तट की 5 मीटर जमीन को फिर से बहा ले गया। इस तबाही से गांव का मुक्तिधाम भी भारी कटाव के और करीब आ गया है।

 महानदी के विकराल रूप को देखते हुए प्रशासन ने मोहन गांव के करीब 700 ग्रामीणों को सुरक्षित भवानीपुर राहत शिविर में शिफ्ट करने की पूरी तैयारी कर ली थी। हालांकि महानदी का जलस्तर धीरे-धीरे कम होने के कारण ग्रामीणों का विस्थापन तो टल गया, लेकिन जाते-जाते पानी गांव को गहरा जख्म दे गया। नदी का पानी कम होते-होते अपने साथ तट को 5 मीटर और बाहर ले गया। नदी और आबादी के बीच महज कुछ ही मीटरों का फासला बचा हैं।

40 साल से जारी कटाव

ग्रामीणों का कहना है कि महानदी का यह विनाशकारी कटाव बीते 40 सालों से लगातार जारी हैं। हर साल मानसून में बाढ़ आती है और नदी गांव का एक हिस्सा निगल जाती है। लगभग 4 दशकों से मोहन गांव के अस्तित्व को बचाने के लिए ग्रामीण लगातार संघर्ष कर रहे हैं।  ग्रामीणों की मांग है कि अगर समय रहते कटाव रोकने के लिए पक्का तटबंध नहीं बनाया गया तो आने वाले कुछ ही सालों में पूरा गांव महानदी में समा जाएगा।


अन्य पोस्ट