बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 30 सितंबर। उच्चतम न्यायालय के तत्वावधान में संचालित सामुदायिक मध्यस्थता पायलट प्रोजेक्ट के अंतर्गत जिला बलौदाबाजार का चयन किया गया है। इस परियोजना के तहत जिले के चयनित 5 ग्रामों को सामुदायिक मध्यस्थता के माध्यम से विवादमुक्त ग्राम बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम पोंसरी में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलौदाबाजार द्वारा महाअभियान के अंतर्गत विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बलौदाबाजार के अध्यक्ष प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विनीत वार्नर एवं सचिव आलोक पांडेय के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को आपसी विवादों के शांतिपूर्ण, सरल एवं सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए मध्यस्थता के प्रति जागरूक करना रहा।
अभियान के दौरान गांव में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को यह संदेश दिया गया कि हर विवाद का समाधान अदालत तक पहुंचना आवश्यक नहीं है, संवाद और समझौते के माध्यम से भी विवादों का स्थायी समाधान संभव है। रैली के दौरान घर-घर जाकर ग्रामीणों को मध्यस्थता के लाभ एवं प्रक्रिया की जानकारी दी गई तथा अधिक जानकारी के लिए पैम्फलेट वितरित किए गए। मध्यस्थता के माध्यम से पक्षकारों को आपसी सहमति से विवाद का समाधान खोजने का अवसर मिलता है। इससे न केवल समय एवं धन की बचत होती है, बल्कि आपसी संबंधों और सामाजिक सौहार्द को बनाए रखने में भी सहायता मिलती है। सामुदायिक मध्यस्थता का उद्देश्य न्याय को लोगों के और अधिक करीब लाते हुए ‘विवाद से संवाद और संवाद से समाधान’ की भावना को गांव-गांव तक पहुंचाना है। जागरूकता रैली में ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक एवं सक्रिय सहभागिता निभाई।
ग्रामीणों की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि शांतिपूर्ण एवं विवादमुक्त ग्राम के निर्माण में समुदाय की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा सामुदायिक मध्यस्थता के इस अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को अपने छोटे-बड़े विवादों को आपसी बातचीत, समझ और सहमति के माध्यम से सुलझाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि ग्राम पोंसरी सहित चयनित सभी ग्रामों को सामाजिक सौहार्द एवं आपसी सहयोग की मिसाल बनाया जा सके।