बलौदा बाजार

सशिमं में 600 विद्यार्थियों ने किया ‘वंदे मातरम’ का सामूहिक गायन
29-Sep-2026 2:52 PM
सशिमं में 600 विद्यार्थियों ने किया   ‘वंदे मातरम’ का सामूहिक गायन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 29  सितंबर। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, नई दिल्ली के निर्देशानुसार बलौदाबाजार स्थित सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में ‘वंदे मातरम’ का सामूहिक गायन का आयोजन किया गया। सुबह 11 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय के लगभग 600 छात्र-छात्राओं ने एक साथ संपूर्ण ‘वंदे मातरम’ का गायन किया।

 आयोजकों के अनुसार, 25 सितंबर को देश भर में लगभग 25,000 स्थानों पर एक ही समय पर सामूहिक ‘वंदे मातरम’ गायन आयोजित किया गया। इस देशव्यापी प्रयास को  ‘एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ’ में दर्ज किया गया है। कार्यक्रम के दौरान ‘नमामि भारतम्’ विषय पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं तथा पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर उनके विचारों का स्मरण किया गया। मुख्य वक्ता जीवन लाल कोसले ने बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित ‘वंदे मातरम्’ राष्ट्रगीत के ऐतिहासिक महत्व तथा स्वतंत्रता आंदोलन में इसकी भूमिका पर जानकारी साझा की।

कार्यक्रम में सेवानिवृत्त डॉ. जय नारायण केसरवानी मुख्य अतिथि के रूप में तथा विजय केसरवानी अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त नोडल अधिकारी जीवन लाल कोसले, विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के सचिव रामनारायण कोसले, नीलम सोनी, शिव शंकर अग्रवाल, समन्वयक कमलेश ध्रुव, पूर्व प्राचार्य रमेश शर्मा, प्राचार्या राजेश्वरी सोनी और कार्यक्रम मंच संचालक अनुपा चंद्राकर सहित कई शिक्षक व गणमान्य नागरिक मौजूद थे।


अन्य पोस्ट