बलौदा बाजार

बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचे विधायक इन्द्र साव
28-Sep-2026 9:22 PM
बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचे विधायक इन्द्र साव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भाटापारा, 28 सितंबर। छत्तीसगढ़ प्रदेश सहित क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बीच क्षेत्र की नदियों में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए विधायक इन्द्र साव ने बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा कर जमीनी हालात का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर ग्रामीणों से चर्चा की और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। विधायक ने प्रशासनिक अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने तथा जरूरतमंदों तक तत्काल सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए।

विधायक ने बचाव टीम को अलर्ट मोड पर रहने और संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने कहा। उन्होंने अधिकारियों से प्रभावित गांवों की स्थिति, जलभराव और आवागमन की परिस्थितियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गणेशपुर, तोरा, चक्रवाय, खैरघट, मांढर, दौरेंगा,कुलीपोटा, कुम्हारखान सहित एक दर्जन बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र का दौरा कर बढ़ते जल स्तर का जायजा लिया और अधिकारियों से कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी गांव में स्थिति बिगडऩे की सूचना मिलते ही तत्काल राहत एवं बचाव दल को सक्रिय किया जाए तथा जरूरत पडऩे पर लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाए।

 विधायक के दौरे के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण जन मौजूद रहे। विधायक ने प्रशासन को लगातार स्थिति पर नजर बनाए रखने और ग्रामीणों के साथ सतत संपर्क में रहने के निर्देश दिए।


अन्य पोस्ट