बलौदा बाजार

महानदी का जलस्तर घटने से राहत, घरों में जमा कीचड़ और गाद बना मुसीबत
28-Sep-2026 4:03 PM
महानदी का जलस्तर घटने से राहत, घरों में जमा कीचड़ और गाद बना मुसीबत

पानी उतरने के बाद प्रभावित क्षेत्रों में सफाई और नुकसान का आकलन शुरू,  सैकड़ों एकड़ फसल भी जलमग्न

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 28 सितंबर। पिछले 24 घंटे से उफान पर रहने के बाद अब महानदी का जलस्तर धीरे-धीरे कम होने लगा है। जलस्तर घटने के साथ ही तटवर्ती और बाढ़ प्रभावित गांवों में स्थितियां सामान्य करने के प्रयास शुरू हो गए हैं। हालांकि, बाढ़ का पानी उतरने के बाद मकानों में कीचड़, गाद और घरेलू सामान के नुकसान की स्थिति स्पष्ट दिखाई दे रही है।

कई निचले इलाकों के मकानों में बाढ़ का पानी 7 से 10 फीट तक भर गया था। पानी घटने के बाद ग्रामीण अपने घरों से गाद निकालने और बचे हुए सामान को सुरक्षित करने में जुटे हैं। कपड़े, टीवी, फ्रिज सहित कई उपकरण खराब हो चुके हैं।

 नदी किनारे बसे परिवारों और मुख्य रूप से मछली पालन व कृषि पर निर्भर ग्रामीणों के सामने आवास की मरम्मत और आजीविका की पुनर्स्थापना की चुनौती खड़ी हो गई है। कई मकानों की दीवारों में दरारें आई हैं।

तटीय क्षेत्रों में स्थित सैकड़ों एकड़ खेतों में खड़ी फसल पानी में डूब गई है, जिससे किसानों को क्षति पहुँची है।

जिले के कई इलाकों में पुलों के ऊपर से पानी बहने के कारण पड़ोसी जिलों को जोडऩे वाले कुछ मार्गों पर आवागमन फिलहाल बंद है। जलस्तर पूरी तरह घटने के बाद ही यातायात बहाल हो सकेगा।

प्रशासन और रेस्क्यू टीमों की सक्रियता के कारण बाढ़ के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया गया, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। जलस्तर सामान्य होने के साथ ही फसलों और संपत्ति के नुकसान का आकलन किया जाएगा।


अन्य पोस्ट