बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 28 सितंबर। राष्ट्रीय सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर के अंतर्गत धरसीवाँ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सिलयारी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-06 बोहरही धाम मंडल में आँगन उत्सव का भव्य और गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। इस विशेष कार्यक्रम मे अंजय शुक्ला ने अतिथि के रूप में शिरकत की।
इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण न्योता भोज रहा, जिसमें अंजय शुक्ला ने अपने हाथों से बच्चों को भोजन परोसा। बच्चों के बीच बैठकर उनसे बातचीत करते हुए उन्हें दुलार किया और भोजन कराया। श्रीं शुक्ला को को अपने इतने करीब पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और यह पल पूरे आयोजन का सबसे खूबसूरत दृश्य बन गया।
कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अंजय शुक्ला ने कहा, 17 सितंबर से शुरू हुए इस सेवा संकल्प अभियान के तहत आज जब मैं आप सभी बहनों के बीच आया हूँ, तो मुझे एक अद्वितीय आत्मीयता और ऊर्जा का अहसास हो रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए भावुक शब्दों में कहा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका बहनें केवल कर्मचारी नहीं हैं, बल्कि वे हमारे समाज की असली ‘राष्ट्र निर्माता’ हैं। जब एक माँ अपने बच्चे को पहली बार किसी सुरक्षित हाथ में सौंपती है, तो वो हाथ हमारी आंगनबाड़ी बहनों का होता है।
श्रीं शुक्ला ने आगे कहा, समाज की नींव को मजबूत करने का जो निस्वार्थ भाव आपके भीतर है, उसे मैं नमन करता हूँ। हमारा यह ‘आँगन उत्सव’ केवल एक आयोजन नहीं है, बल्कि आपके इसी समर्पण और त्याग के प्रति हमारी कृतज्ञता व्यक्त करने का एक छोटा सा प्रयास है।
बच्चों की पहली मुस्कान, उनका पहला खेल और उनके जीवन का पहला अक्षर आपकी ही देखरेख में निखरता है। आपका यह योगदान किसी तपस्या से कम नहीं है।
क्षेत्र से कुपोषण मिटाने और योजनाओं को धरातल पर उतारने का संकल्प
धरातल पर योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर अंजय ने कहा, हमारी सरकार पूरी निष्ठा से महिला एवं बाल विकास की योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा यह दृढ़ संकल्प है कि धरसीवाँ विधानसभा का कोई भी बच्चा कुपोषण का शिकार न हो और हर मां-बच्चे तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का पूरा लाभ पहुंचे। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय का आह्वान करते हुए कहा, आइए, इस ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से हम सब मिलकर अपने क्षेत्र से कुपोषण को दूर भगाने, हर बच्चे को एक उज्ज्वल भविष्य देने और अपने क्षेत्र के हर वर्ग के उत्थान के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लें।
खेलकूद से होता है बच्चों का सर्वांगीण विकास
उत्सव के दौरान वितरित उपहारों का उद्देश्य बताते हुए विधायक ने कहा, आज बच्चों के बीच जो खेलकूद सामग्री और उपहार वितरित किए गए हैं, उनका उद्देश्य यही है कि हमारे गांव के बच्चे हर क्षेत्र में आगे बढ़ें, स्वस्थ रहें और पढ़ें-लिखें। बचपन में खेलकूद केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह बच्चों में अनुशासन, स्वस्थ शरीर और टीम भावना का विकास करता है। उन्होंने आगे जोड़ा कि सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की कल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाना और जन-सेवा के कार्यों को गति देना है।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक अनुज शर्मा के साथ छत्तीसगढ़ आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य भाजपा जिला संगठन प्रभारी सुरेंद्र पाटनी, पिछड़ा वर्ग आयोग की उपाध्यक्ष चंद्रकांती वर्मा, सविता चंद्राकर, बोहरही धाम मंडल अध्यक्ष हरि शंकर वर्मा, महामंत्री रूखमणी शिवारे, अशोक साहू ,रूखमणी साहू ,मधुसूदन कश्यप सहित भारी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, आंगनबाड़ी स्टाफ, प्रबुद्ध नागरिक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।