बलौदा बाजार
बलौदाबाजार के तटवर्ती गांवों में बाढ़, एसडीआरएफ और नगर सेना ने 100 लोगों को सुरक्षित निकाला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 27 सितंबर। गंगरेल बांध के सभी गेट खुलने के बाद महानदी का जलस्तर बढऩे से बलौदाबाजार के कई गांवों में बाढ़ के हालात बन गए। एसडीआरएफ और नगर सेना ने 12 घंटे तक बचाव अभियान चलाकर बाढ़ में फंसे 100 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला।
धमतरी स्थित गंगरेल बांध के सभी गेट खोले जाने के बाद महानदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। इसके चलते बलौदाबाजार जिले के तटीय क्षेत्रों में जलभराव और बाढ़ की स्थिति निर्मित हो गई है। निचले इलाकों और घरों में पानी भरने से कई गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है।
पलारी तहसील के अमेठी, बोदा, मोहन और बीजराडीह सहित महानदी के किनारे स्थित गांवों में पानी भर गया है। सूचना मिलते ही एसडीएम पलारी दीपक निकुंज, नायब तहसीलदार एन.के. केवट, गिधपुरी थाना प्रभारी, एसडीआरएफ और नगर सेना की टीम मौके पर पहुंची।
एसडीआरएफ और नगर सेना के जवानों ने नावों के माध्यम से लगभग 12 घंटे तक बचाव अभियान चलाकर बाढ़ में फंसे 100 से अधिक ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाला। इन ग्रामीणों के लिए स्थानीय ग्राम पंचायतों और जनपद पंचायत के सहयोग से अस्थायी आश्रय तथा भोजन एवं पेयजल की व्यवस्था की गई है। प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में जलस्तर और पानी के बहाव का निरंतर आकलन किया जा रहा है, जिसके आधार पर आगे की राहत कार्रवाई संचालित की जाएगी।