बलौदा बाजार

नदी-नाले उफान पर, कई मार्ग बंद
26-Sep-2026 5:48 PM
नदी-नाले उफान पर, कई मार्ग बंद

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 26 सितंबर। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम (डीप डिप्रेशन) के प्रभाव से जिले में लगातार बारिश हो रही है। बुधवार से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। जिले के नदी-नाले उफान पर हैं और कई रिहायशी व व्यावसायिक इलाकों सहित सरकारी कार्यालय परिसरों में जलभराव की स्थिति बन गई है।

अमेठी घाट पुलिया पर 3 से 4 फीट तक पानी बहने के कारण बल्दाकछार, अर्जुनी, सिरपुर और पिथौरा-महासमुंद मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है।

 बार नवापारा और देवपुर के जंगल क्षेत्र में स्थित वनग्रामों के छोटे-बड़े नाले उफान पर आने से ग्रामीणों का संपर्क टूट गया है। कई स्थानों पर पानी घरों और स्कूलों तक पहुंच गया है।  शुक्रवार को तहसील कार्यालय परिसर में तेज बारिश के बाद घुटनों तक पानी भर गया, जिससे जमीन की रजिस्ट्री व अन्य कार्यों के लिए पहुंचे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मानसून का कोटा पूरा-मानसून सत्र समाप्त होने में महज 5 दिन शेष हैं, लेकिन जिले में पूरे सीजन की औसत बारिश का कोटा पहले ही पूरा हो चुका है।

जिले में 1 जून से अब तक 1074.6 मिली मीटर औसत बारिश दर्ज की गई हैं, जबकि मानसून सीजन का औसत 1070.9 मिली मीटर हैं। यानी सामान्य औसत से 3.7 मिली मीटर यानी करीब 0.35 प्रतिशत अधिक बारिश हो चुकी हैं।

  गुरुवार को 11 मिमी और शुक्रवार को 57 मिमी बारिश दर्ज की गई। जिले में सर्वाधिक बारिश सिमगा क्षेत्र में (1239 मिमी) और सबसे कम टुंड्रा तहसील में (863.4 मिमी) दर्ज की गई है। लगातार बारिश से खेतों में खड़ी धान की फसल को नुकसान पहुंचने की चिंता किसानों को सता रही है। कृषि वैज्ञानिक प्रदीप कश्यप के अनुसार, वर्तमान में फसलों में फूल आने और बाली बनने की प्रक्रिया चल रही है।

 लगातार पानी पडऩे से फूल झडऩे और दाना बनने की प्रक्रिया प्रभावित होने से उत्पादन में गिरावट आ सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण छत्तीसगढ़ और ओडिशा से सटे इलाके में सक्रिय डीप डिप्रेशन के कारण नमी आ रही है। अगले 24 से 48 घंटों में जिले में भारी से अति भारी बारिश की संभावना व्यक्त करते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।


अन्य पोस्ट