बलौदा बाजार

भाटापारा और सिमगा के 10 पंचायतों में बनेंगे सामुदायिक भवन, 65 लाख मंजूर
26-Sep-2026 4:50 PM
भाटापारा और सिमगा के 10 पंचायतों में बनेंगे सामुदायिक भवन, 65 लाख मंजूर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भाटापारा, 26 सितंबर। मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना 2026-27 के तहत भाटापारा और सिमगा विकासखंड के 10 ग्राम पंचायतों में नवीन सामुदायिक भवनों के निर्माण के लिए प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस हेतु कुल 65 लाख रुपये (प्रत्येक भवन के लिए 6.50 लाख रुपये) की राशि स्वीकृत की गई है।

भाटापारा विकासखंड (4 गांव): ग्राम धुर्राबांधा के पाल पारा, खम्हरिया के यादव पारा, राजपुर के महामाया पारा और खोखली के आदिवासी पारा में सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाएगा।

सिमगा विकासखंड (6 गांव): ग्राम मोटियारीडीह के दुर्गा पारा, पौसरी, खैरघट के शीतला पारा, तरपोंगा के निषाद पारा, डोंगरिया और मनोहरा में निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं।

भाजपा के वरिष्ठ नेता शिवरतन शर्मा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए सर्वसुविधायुक्त स्थल की आवश्यकता को देखते हुए यह प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। उन्होंने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, पंचायत मंत्री विजय शर्मा और सांसद बृजमोहन अग्रवाल का आभार व्यक्त किया।

वहीं, क्षेत्रीय ग्रामीणों ने सामुदायिक भवनों की स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे ग्रामीण बुनियादी ढांचे के विकास में सहायक बताया है।


अन्य पोस्ट