बलौदा बाजार

पुलिस का फ्लैग मार्च, शांति व्यवस्था और सतर्कता की अपील
25-Sep-2026 7:08 PM
पुलिस का फ्लैग मार्च, शांति व्यवस्था और सतर्कता की अपील

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 25 सितंबर। गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के मद्देनजऱ बलौदाबाजार पुलिस द्वारा शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया। रक्षित केंद्र (पुलिस लाइन) से शुरू हुआ यह मार्च शहर के प्रमुख मार्गों, व्यावसायिक क्षेत्रों और संवेदनशील इलाकों से गुजरते हुए डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक पर समाप्त हुआ।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खोमन सिन्हा के नेतृत्व में निकले इस फ्लैग मार्च में एसडीओपी उषा सोंधिया, डीएसपी ट्रैफिक मोनिका मरावी और रक्षित निरीक्षक सहित 50 से अधिक पुलिस अधिकारी व जवान शामिल हुए।

पुलिस प्रशासन ने त्योहार के दौरान शांति, सद्भाव और भाईचारा बनाए रखने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया कि अव्यवस्था या उपद्रव फैलाने वाले तत्वों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

डीएसपी ट्रैफिक मोनिका मरावी ने बताया कि विसर्जन झांकियों और श्रद्धालुओं की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए विशेष रूट प्लान और पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं, ताकि यातायात सुगम बना रहे।

फ्लैग मार्च के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य अपराधों की रोकथाम, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और नागरिकों के साथ संवाद को बेहतर बनाना है।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 या नजदीकी थाने में देने का अनुरोध किया है।


अन्य पोस्ट