बलौदा बाजार

अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री में घुसकर सुरक्षा गार्ड पर हमला, 3 आरोपी बंदी
24-Sep-2026 7:07 PM
अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री में घुसकर सुरक्षा गार्ड पर हमला, 3 आरोपी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 24 सितंबर। सिटी कोतवाली पुलिस ने अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री (रवान) परिसर में अनाधिकृत प्रवेश कर चोरी का प्रयास करने और सुरक्षा गार्ड पर हमला करने के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री रवान में सुरक्षा गार्ड के पद पर कार्यरत प्रशांत सिंह (26 वर्ष) द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, 20 सितंबर को दोपहर लगभग एक बजे ड्यूटी के दौरान तीन व्यक्तियों ने बाउंड्रीवॉल कूदकर कारखाने में प्रवेश किया। रोकने का प्रयास करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इस दौरान आरोपी योगेश यादव ने लोहे के पाइप से सुरक्षा गार्ड के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अन्य सुरक्षाकर्मियों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।

प्रार्थी की शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली में बीएनएस की धारा 296, 351(2), 109, 61, 329(3), 332(2), 62 और 303(2) के तहत अपराध क्रमांक 795/2026 पंजीकृत किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों राकेश दास मानिकपुरी उर्फ राका, योगेश यादव दोनों निवासी भद्रापाली, बलौदाबाजार, भूपेन्द्र मांडले खैराताल बलौदाबाजार को गिरफ्तार किया तथा उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप और अन्य साक्ष्य जब्त किए। 22 सितंबर को आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार प्रकरण में शामिल एक अन्य फरार व्यक्ति की तलाश की जा रही है।


अन्य पोस्ट