बलौदा बाजार
बलौदाबाजार, 24 सितंबर। साइबर जागृति अभियान के अंतर्गत थाना भाटापारा ग्रामीण एवं पुलिस सहायता केंद्र निपनिया की टीम द्वारा 22 सितंबर को रियल इस्पात संयंत्र (बकुलाही) में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
संयंत्र परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में संस्थान के 100 से अधिक अधिकारी, कर्मचारी और श्रमिक उपस्थित रहे। पुलिस टीम द्वारा कर्मचारियों को वर्तमान में प्रचलित साइबर अपराधों के तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
बैंकिंग गोपनीयता: किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ बैंक खाता विवरण, एटीएम पिन या ओटीपी साझा न करने के निर्देश दिए गए।
संदेहास्पद कॉल व मैसेज: लॉटरी, इनाम, सस्ते ऋण या पार्ट-टाइम जॉब के लुभावने प्रस्ताव वाले कॉल और संदेशों के प्रति सतर्क रहने की बात कही गई। अज्ञात लिंक्स व ऐप्स: मोबाइल पर अनजान या असत्यापित लिंक्स पर क्लिक न करने तथा केवल अधिकृत प्लेटफॉर्म्स से ही एप्लिकेशन डाउनलोड करने की सलाह दी गई।
डिजिटल सुरक्षा: सोशल मीडिया का इस्तेमाल सतर्कता से करने और मजबूत पासवर्ड का प्रयोग करने के संबंध में जानकारी दी गई।
हेल्पलाइन संबंधी जानकारी
पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित कर्मचारियों को बताया कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा नजदीकी पुलिस थाना/चौकी को सूचित करें।