बलौदा बाजार

दो नाबालिग बहनों का अपहरण-रेप, उम्रकैद की सजा
22-Sep-2026 8:52 PM
दो नाबालिग बहनों का अपहरण-रेप, उम्रकैद की सजा

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बलौदाबाजार, 22 सितंबर।
विशेष पॉक्सो कोर्ट (भाटापारा) के अपर सत्र न्यायाधीश सतीश कुमार जायसवाल ने दो नाबालिग बहनों के पृथक-पृथक अपहरण और दैहिक शोषण के मामलों में आरोपी को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने पॉक्सो एक्ट के तहत 20-20 वर्ष के कठोर कारावास तथा अन्य धाराओं में सजा का आदेश दिया है। दोनों मामलों की सजाएं साथ-साथ चलेंगी।

पुलिस के अनुसार पहला मामला वर्ष 2022 में सिमगा थाना क्षेत्र से सामने आया था। एक नाबालिग बालिका के लापता होने की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच के दौरान बहला-फुसलाकर ले जाने और दैहिक शोषण के साक्ष्य मिलने पर धाराएं जोड़ी गईं।

पुलिस के अनुसार इसी मामले से जुड़े आरोपी ने अगस्त 2024 में पीडि़ता की छोटी नाबालिग बहन को भी कथित तौर पर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।

पुलिस के अनुसार, दोनों प्रकरणों में पॉक्सो एक्ट एवं अनुसूचित जाति व जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।

तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के आधार पर बालिकाओं की लोकेशन महाराष्ट्र में मिलने के बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर दोनों बालिकाओं को बरामद कर परिजनों को सौंपा। अभियोजन पक्ष द्वारा अदालत में शैक्षणिक दस्तावेज एवं स्कूल प्रवेश रजिस्टर प्रस्तुत कर पीडि़ताओं के नाबालिग होने के तथ्य को प्रमाणित किया गया।

तत्कालीन थाना प्रभारी डीएसपी योगिता खापर्डे, तत्कालीन एसडीओपी ऐश्वर्य चंद्राकर और पुलिस टीम द्वारा जांच पूर्ण कर समयबद्ध चालान न्यायालय में पेश किया गया। मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक संजय बाजपेयी ने पैरवी की।

कानूनी प्रावधानों के तहत बालिकाओं और उनके परिवार की पहचान से जुड़े सभी विवरण पूरी तरह गोपनीय रखे गए हैं।

बलौदाबाजार पुलिस ने नागरिकों एवं अभिभावकों से बच्चों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति या बच्चों के गायब होने पर तत्काल नजदीकी थाने या डायल-112 पर सूचना देने की अपील की है।


अन्य पोस्ट