बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 सितंबर। भाठागांव पौनी पसारी बाजार के पांच सौ से अधिक सब्जी विक्रेता निगम मुख्यालय में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी के साथ धरना प्रदर्शन कर रहे। वे सोमवार को मंडी बाज़ार में हुए दुकान आबंटन का विरोध कर रहे हैं। इनका आरोप है की बाजार पर जगह बाहरी लोगों को आबंटन किया जा रहा है। तिवारी और विक्रेता, आयुक्त संबित मिश्रा से मिलकर आबंटन रद्द कर नए सिरे से करने की मांग की। निगम के जोन कमिश्नर ने कल ही स्पष्ट कर दिया था कि पारदर्शिता के लिए दुकानों का आबंटन लाटरी से किया गया।
व्यापारियों की प्रमुख मांगें
वर्तमान/पूर्व दुकान एवं स्थान आवंटन प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराई जाए। जांच पूर्ण होने तक विवादित आवंटन पर आवश्यकतानुसार रोक लगाई जाए। जांच में अनियमितता पाए जाने पर पूर्व आवंटन निरस्त कर नियमानुसार पुन: आवंटन में लंबे समय से सब्जी व्यवसाय करने वाले स्थानीय व्यापारियों को प्राथमिकता दी जाए।
एक परिवार से एक ही व्यक्ति को दुकान/स्थान आवंटित करने के संबंध में लागू नियमों की जांच कर उसी के अनुरूप कार्रवाई की जाए।सभी आवंटियों के आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कराया जाए। सभी दुकानों/स्थानों का समान एवं निर्धारित आकार सुनिश्चित किया जाए।
आवंटन पारदर्शी तरीके से पात्र व्यापारियों के बीच सार्वजनिक रूप से लॉटरी/ड्रॉ के माध्यम से निष्पक्ष आवंटन कराने पर विचार किया जाए।
आवंटन से संबंधित सभी मूल दस्तावेजों एवं अभिलेखों की जांच कर व्हाइटनर लगाए जाने संबंधी शिकायत की भी जांच की जाए।