बलौदा बाजार

पिकअप और ई-रिक्शा में भिड़ंत, पलटा वाहन, 12 जख्मी
21-Sep-2026 9:20 PM
पिकअप और ई-रिक्शा में भिड़ंत, पलटा वाहन, 12 जख्मी

 दशगात्र से होकर लौट रहे थे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 21 सितंबर। जिले में शनिवार को बलौदाबाजार-लटुवा मार्ग पर पिकअप  और ई-रिक्शा की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप अनियंत्रित होकर सडक़ पर ही पलट गई। पिकअप में सवार कुछ लोगों को गंभीर चोटें आई है। आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया।

हादसे में 12 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों में महिलाएं और पुरुष दोनों शामिल हैं। इनमें दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार पिकअप में सवार लोग ग्राम करमदा में दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी लोग वापस अपने गांव डमरू लौट रहे थे। इसी दौरान बलौदाबाजार से लटुवा की ओर जाने वाले मार्ग पर ग्राम लटुवा के पास पिकअप वाहन और ई-रिक्शा की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।

सडक़ हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और 112 की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस और 112 की टीम ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन से घायलों को बाहर निकालने में मदद की और जिला चिकित्सालय भेजा गया. पुलिस ने घटनास्थल की स्थिति संभालते हुए यातायात को व्यवस्थित कराया और दुर्घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई।

सभी घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों की टीम ने घायलों का उपचार शुरू कर दिया। गंभीर रूप से घायल लोगों को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। हादसे में घायल लोगों में डमरू और लटुवा गांव के रहने वाले लोग शामिल हैं. घायलों की उम्र 17 वर्ष से लेकर 62 वर्ष तक बताई गई है।

हादसे में घायल लोगों में काशी साहू, 58 वर्ष, डमरू, हेमलाल, 62 वर्ष, डमरू, महेंद्र साहू, 46 वर्ष, डमरू, उमा बाई पैकरा, 44 वर्ष, लटुवा, सत्यवती पैकरा, 19 वर्ष, लटुवा, प्रमोद सिंह पैकरा, 28 वर्ष, लटुवा, लुमन ध्रुव, 20 वर्ष, लटुवा, द्रोणचत्या, 17 वर्ष, लटुवा, शिवदयाल साहू, 55 वर्ष, डमरू, खोमन सिंह, 45 वर्ष, डमरू, दुलारी ध्रुव, 37 वर्ष, लटुवा, शिव कुमार साहू, 50 वर्ष, डमरू।

हादसे की जानकारी मिलते ही कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने तहसीलदार और संबंधित टीम को तत्काल जिला चिकित्सालय भेजकर घायलों की स्थिति की जानकारी लेने के निर्देश दिए हैं. वहीं घायलों में कुछ लोग एक ही परिवार और परिचित समूह से जुड़े बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना के बाद उनके परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए।

अशोक वर्मा, सिविल सर्जन जिला अस्पताल का कहना है कि अस्पताल पहुंचते ही सभी घायलों का तत्काल उपचार शुरू कर दिया गया है। घायलों में कुछ की स्थिति गंभीर है, जिन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है. मेडिकल टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।

हादसे की वजह की जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी पुलिस जांच कर रही है. पिकअप और ई-रिक्शा की टक्कर किस वजह से हुई, दोनों वाहनों की गति कितनी थी और दुर्घटना के समय वाहन कौन चला रहा था, इन सभी बिंदुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।


अन्य पोस्ट