बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 21 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत रायपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में छत्तीसगढ़ आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा) अंजय शुक्ला ने सहभागिता की।
धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गोढ़ी में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में चिकित्सा दल द्वारा ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर नि:शुल्क दवाओं का वितरण किया गया।
नवा रायपुर स्थित श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल में नि:शुल्क हृदय रोग उपचार प्राप्त कर चुके बच्चों और उनके परिजनों की उपस्थिति में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान अंजय शुक्ला, आईएएस अधिकारी चंदन कुमार एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी अभिषेक धनगर उपस्थित रहे। ग्राम छेरछेड़ी में मंडल अध्यक्ष सुनील शर्मा के नेतृत्व में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा दीप प्रज्वलित किए गए।
औषधि पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष अंजय शुक्ला ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं और जनसेवा पहुंचाना है।