बलौदा बाजार

गणेशोत्सव: भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित, 300 जवान तैनात
15-Sep-2026 7:41 PM
गणेशोत्सव: भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित, 300 जवान तैनात

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 15 सितंबर। आगामी त्यौहारों (गणेशोत्सव एवं नवरात्रि) के दौरान शहर में यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने हेतु जिला प्रशासन एवं पुलिस द्वारा विशेष प्रबंध किए गए हैं। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने मोटरयान अधिनियम के तहत भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध का आदेश जारी किया है।

भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध

 मोटरयान अधिनियम 1988 की धारा 115 तथा छत्तीसगढ़ मोटरयान नियम 1994 के नियम 215 के तहत 14 सितंबर से 21 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन सुबह 6 से मध्यरात्रि 12 बजे तक शहर के भीतर भारी वाहनों (ट्रक, ट्रेलर आदि) का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

 मुख्य बाजार क्षेत्र में चार पहिया वाहनों और ई-रिक्शा के प्रवेश पर रोक रहेगी।

बल की तैनाती व पेट्रोलिंग

 सुरक्षा एवं अपराध नियंत्रण हेतु 300 से अधिक पुलिस जवानों की तैनाती की गई है, जो प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्रों, आउटर कॉलोनियों और बड़े पूजा पंडालों में तैनात रहेंगे। पुलिस की पेट्रोलिंग टीमें रात 12 बजे तक निरंतर गश्त करेंगी।

विशेष इकाइयां व सोशल मीडिया निगरानी

 संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए एंटी क्राइम सेल और इंटेलिजेंस कनेक्शन स्क्वाड का गठन किया गया है। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट, अफवाहों तथा साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाडऩे वाली सामग्री की निगरानी हेतु विशेष टीम गठित की गई है।

प्रतिबंधात्मक कार्रवाई: वार्ड स्तर पर असामाजिक तत्वों और आदतन अपराधियों को सूचीबद्ध कर उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।

पंडालों एवं समितियों हेतु निर्देश

शहर में 50 से अधिक स्थानों पर गणेश प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। पुलिस प्रशासन द्वारा गणेश उत्सव समितियों के साथ बैठक कर सुरक्षा मानकों एवं यातायात प्रबंधन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।


अन्य पोस्ट