बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 14 सितंबर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक सेवा कार्यकाल के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में भाटापारा स्थित भाजपा कार्यालय में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया।
प्रेस वार्ता को प्रदेश मंत्री अमित साहू एवं वरिष्ठ नेता शिवरतन शर्मा ने संबोधित किया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष आनंद यादव, भाजपा नेता राकेश तिवारी, जिला उपाध्यक्ष सुनील यदु और जिला कोषाध्यक्ष नंदकिशोर अग्रवाल उपस्थित रहे। 17 सितंबर को रक्तदान शिविर के साथ अभियान का शुभारंभ किया जाएगा तथा शाम को दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित होगा। दो अक्टूबर को स्वच्छता अभियान, चित्रकला व निबंध प्रतियोगिताएं तथा आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सात अक्टूबर को सेवा ज्योति कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा तथा 1,000 स्थानों पर संकल्प सभाएं होंगी।
युवा मोर्चा द्वारा 10 टोलियों के माध्यम से 10 राज्यों से गुजरने वाली 20 दिवसीय सेवा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें चौपाल, आंगनबाड़ी व किसान संवाद आयोजित होंगे।
अन्य गतिविधियों में ब्लॉक स्तर पर च्सेवा सेतुज् शिविर लगाकर शासकीय योजनाओं के छूटे हुए हितग्राहियों को जोड़ा जाएगा। इसके अतिरिक्त मानव श्रृंखला, समूह रंगोली और सुशासन संवाद के तहत जनप्रतिनिधियों का सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।