बलौदा बाजार

पालिका अध्यक्ष ने ली विभागीय समीक्षा बैठक
14-Sep-2026 6:17 PM
पालिका अध्यक्ष ने ली विभागीय समीक्षा बैठक

 पेयजल, राशन व आवास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भाटापारा, 14 सितंबर। नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें महिला एवं बाल विकास, जल संसाधन, प्रकाश, खाद्य और आवास विभाग की कार्यप्रगति की समीक्षा की गई तथा जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

आगामी ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए जल व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए। इसके तहत रेन वाटर हार्वेस्टिंग, नहर के माध्यम से तालाबों को भरने, पाइपलाइन विस्तार, नए ओवरहेड टैंक निर्माण (रविदास वार्ड सहित), बोर प्रोटेक्शन बॉक्स और बोर संचालन का समय निर्धारित करने की कार्ययोजना पर चर्चा हुई।

 राशन कार्ड से संबंधित शिकायतों का शीघ्र निराकरण करने तथा पात्र हितग्राहियों को सुगमता से योजना का लाभ दिलाने के आदेश दिए गए।

स्ट्रीट लाइटों के समयबद्ध संचालन, नियमित निगरानी और खराब लाइटों की त्वरित मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

 प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन मकानों के कार्य में तेजी लाने तथा नवीन आंगनबाड़ी केंद्रों के सुचारू संचालन एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।

बैठक में सभापति कुंजराम कोशले, दीपा दशरथ साहू, देवेंद्र साहू, गोविंद पटेल, सतीश तलरेजा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी शिवकुमार यादव, इंजीनियर विनोद यादव सहित अन्य पार्षद, एल्डरमैन एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट