बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 13 सितंबर। जमीन के सौदे और रजिस्ट्री के नाम पर करोड़ों रुपये की कथित ठगी के मामले में आरोपी अब्दुल हैदर के विरुद्ध सिटी कोतवाली थाने में 2 नई शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इन शिकायतों में कुल 25 लाख लेने का आरोप लगाया गया है, जिससे प्रकरण में दर्ज कुल शिकायतों की संख्या 5 हो गई है।
वार्ड क्रमांक 17 निवासी शेख सलमान की शिकायत के अनुसार, मौजा परसाभदेर स्थित खसरा नंबर 175 की भूमि का सौदा तय कर आरटीजीएस के माध्यम से 10 लाख लिए गए। आरोप है कि राशि प्राप्त करने के बाद रजिस्ट्री नहीं कराई गई तथा उक्त भूमि का सौदा किसी अन्य व्यक्ति से कर दिया गया।
लोहिया नगर निवासी सोहेल खान की शिकायत के अनुसार, उसी खसरा नंबर 175 की भूमि के लिए आरटीजीएस से 15 लाख दिए गए थे। इसमें भी राशि लेने के बाद रजिस्ट्री न कराने और भूमि अन्य व्यक्ति को बेचने का आरोप है।
पुलिस शिकायतकर्ताओं से बैंक स्टेटमेंट, आरटीजीएस रसीदें और भूमि संबंधी दस्तावेज प्राप्त कर जांच कर रही है।
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक लखेश केंवट के अनुसार, अब तक प्राप्त सभी 5 शिकायतों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।