बलौदा बाजार

टीबी मुक्त भारत अभियान : जागरूकता फैलाने एनसीसी कैडेट्स ने लिया संकल्प
12-Sep-2026 7:03 PM
टीबी मुक्त भारत अभियान : जागरूकता फैलाने एनसीसी कैडेट्स ने लिया संकल्प

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 12 सितंबर। शासकीय डी.के. कला एवं वाणिज्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बलौदाबाजार के एनसीसी कैडेट्स ने 11 सितंबर को टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में क्षय रोग (टीबी) के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा इसके प्रति लोगों को सतर्क एवं जिम्मेदार बनाना था।

कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेट्स ने विभिन्न एसएससीडी गतिविधियों के माध्यम से टीबी के विरुद्ध जागरूकता का संदेश दिया। कैडेट्स ने पेंटिंग एवं ड्राइंग, स्लोगन लेखन तथा शपथ ग्रहण जैसी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से कैडेट्स ने टीबी की रोकथाम, समय पर जांच एवं उपचार तथा समाज में जागरूकता फैलाने की आवश्यकता को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

इस जागरूकता कार्यक्रम में कुल 33 एनसीसी कैडेट्स ने भाग लिया। कैडेट्स ने संकल्प लिया कि वे अपने गांव एवं आसपास के क्षेत्रों में लोगों को टीबी के प्रति जागरूक करेंगे और टीबी मुक्त भारत अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने यह भी संकल्प लिया कि वे अपने सामाजिक दायित्व को समझते हुए इस अभियान के लिए अपना कुछ समय नियमित रूप से समर्पित करेंगे।

महाविद्यालय के प्राचार्य धनंजय मिश्रा ने कैडेट्स को शपथ दिलाई। उन्होंने कैडेट्स के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि एनसीसी केवल अनुशासन और नेतृत्व का प्रशिक्षण ही नहीं देता, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी निभाने की भावना भी विकसित करता है। उन्होंने कैडेट्स को प्रेरित किया कि वे टीबी के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए नियमित रूप से कुछ समय समाजहित में समर्पित करें।


अन्य पोस्ट