बलौदा बाजार

अधोसंरचना मद की राशि वितरण में भेदभाव का आरोप, कांग्रेस पार्षदों का प्रदर्शन
10-Sep-2026 3:47 PM
अधोसंरचना मद की राशि वितरण में भेदभाव का आरोप, कांग्रेस पार्षदों का प्रदर्शन

बलौदाबाजार, 10 सितंबर।   नगर पालिका परिषद बलौदाबाजार में अधोसंरचना मद से स्वीकृत विकास कार्यों में 7 वार्डों (वार्ड क्रमांक 1, 4, 11, 13, 15, 17 एवं 20) की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कांग्रेस पार्षदों ने  मोर्चा खोल दिया। उन्होंने नगर पालिका कार्यालय के मुख्य द्वार के सामने धरना देकर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन की सूचना मिलने पर एसडीएम, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे और पार्षदों से चर्चा की। वार्ड क्रमांक 17 के पार्षद शेख सलमान ने कहा कि विपक्ष का पार्षद होने के आधार पर वार्ड की जनता को बुनियादी सुविधाओं से वंचित करना अनुचित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर हित के प्रस्तावों का हमेशा समर्थन किया गया है, किंतु 7 वार्डों के साथ भेदभाव स्वीकार्य नहीं होगा। पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि सभी वार्डों में समान एवं संतुलित विकास के लिए राशि स्वीकृत नहीं की गई, तो आवश्यकता पडऩे पर भूख हड़ताल की जाएगी। प्रदर्शन में पार्षद अंजनी गोविंद पात्रे, श्रद्धा मनीष वर्मा, सुरेश धृतलहरे, डिगेश्वरी रविंद्र नामदेव तथा ममता सुभाष राव शामिल रहे।


अन्य पोस्ट