बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 10 सितंबर। बलौदाबाजार में जमीन सौदे और निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस पूर्व मुतवल्ली अब्दुल हैदर की तलाश कर रही है। आरोपी परिवार सहित फरार है और सिटी कोतवाली पुलिस में दर्ज शिकायतों के आधार पर जांच जारी है।
सिटी कोतवाली में निश्चल जैन ने 25 लाख और संजय कॉलोनी निवासी रजनी साहू ने 10.61 लाख की धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है। कोकड़ी ग्राम सरपंच राजेश्वर बंजारे के अनुसार, जमीन सौदे के लिए 12.50 लाख लेने के बदले उन्हें कोरे चेक दिए गए थे, किंतु न तो रजिस्ट्री कराई गई और न ही राशि लौटाई गई। आरोपी पर बंधक मकान को 35 लाख में बेचने तथा विभिन्न व्यवसायियों एवं स्थानीय निवासियों से जमीन दिलाने के नाम पर राशि लेने के आरोप हैं।
पुलिस के अनुसार, तकनीकी माध्यमों से आरोपी की मोबाइल लोकेशन ट्रैक की जा रही है।
जो पूर्व में जम्मू-कश्मीर में मिली थी। पुलिस प्रशासन का कहना है कि दर्ज शिकायतों के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।