बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 7 सितंबर। छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम लिमिटेड में नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी नियुक्ति आदेश जारी करने के मामले में बलौदाबाजार के निष्कासित भाजपा नेता व पूर्व जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी की भूमिका सामने आई है। रायपुर के तेलीबांधा थाने में दर्ज मामले की जांच के दौरान पुलिस ने साक्ष्य जुटाए हैं।
उल्लेखनीय है कि कृष्णा अवस्थी पूर्व में पलारी थाने में दर्ज फर्जी स्थानांतरण आदेश मामले में जेल में निरुद्ध हैं। उस मामले में उनके पुत्र प्रणव अवस्थी सहित छह लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस इस मामले में फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले स्रोतों और आर्थिक लेन-देन की जांच कर रही है।
तेलीबांधा थाने में बीज निगम के अधिकारी विजय कुमार वर्मा की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में निगम के विभागीय दस्तावेजों का दुरुपयोग कर फर्जी नियुक्ति आदेश जारी करने का उल्लेख था।
जांच के दौरान कसडोल निवासी हेमंत साहू का बयान दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार हेमंत साहू को निगम में डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर नौकरी का आश्वासन देकर कथित तौर पर 2 लाख लिए गए थे और फर्जी नियुक्ति आदेश दिया गया था। हेमंत ने यह राशि कृष्णा अवस्थी को देने का दावा किया है। पुलिस ने हेमंत को मामले में सरकारी गवाह बनाया है।
नियुक्ति पत्र में कसडोल स्थित बीज निगम की इकाई का उल्लेख किया गया था, जबकि विभागीय अधिकारियों के अनुसार कसडोल में निगम का ऐसा कोई कार्यालय संचालित नहीं है। अधिकारी ने नियुक्ति पत्र और उस पर किए गए हस्ताक्षरों को अवैध बताया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम रिसदा (थाना पलारी) क्षेत्र से भी फर्जी नियुक्ति पत्र जारी होने संबंधी जानकारियां सामने आई हैं, जिसकी जांच जारी है। तेलीबांधा थाने में बीएनएस की धारा 318(4), 336(3), 338 और 340(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।