बलौदा बाजार

केसदा स्कूल में बच्चों ने अनोखे अंदाज में किया गुरुओं का सम्मान
07-Sep-2026 6:34 PM
केसदा स्कूल में बच्चों ने अनोखे अंदाज में किया गुरुओं का सम्मान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भाटापारा, 7 सितंबर। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केसदा में शिक्षक दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, उमंग और उत्साह के साथ मनाया गया। भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और प्रेम प्रकट करते हुए विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य विनोद वर्मा एवं पूर्व प्रभारी प्राचार्य एन. एस. वर्मा ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम का मंच संचालन विद्यालय की सांस्कृतिक नायिका दमयंती ध्रुव एवं शाला नायिका रेणुका निषाद ने शानदार ढंग से किया। उनके प्रभावी मंच संचालन की अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने सराहना की।

शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते को समर्पित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। यशु यादव, कविता विश्वकर्मा, देव कुमार देवांगन, प्रवीण यादव एवं रूपेंद्र ध्रुव ने गीत, नाटक एवं भाषण के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने विद्यालय परिसर के वातावरण को भावनात्मक एवं उत्साहपूर्ण बना दिया।

कार्यक्रम को मनोरंजक एवं यादगार बनाने के लिए विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए कुर्सी दौड़ और मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

 इस दौरान विद्यालय परिसर हंसी-खुशी और तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठा।

विद्यार्थियों को दिया सफलता का मंत्र कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि विद्यालय में उपस्थित सभी शिक्षकों ने बारी-बारी से विद्यार्थियों को संबोधित किया और अपने अनुभव साझा किए। इस अवसर पर प्राचार्य विनोद वर्मा, पूर्व प्रभारी प्राचार्य एन. एस. वर्मा, गोविंद निषाद, अश्वनी साहू, डॉ. अनिल काठले, श्वेता वर्मा, गंगा शर्मा, तिलक लहरे, यामिनी वर्मा, नीलू आडील एवं सुषमा वर्मा सहित प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक पटेल जी तथा पूर्व माध्यमिक शाला के प्रधान पाठक टी. एस. साहू उपस्थित रहे।

‘एक पेड़ मां के नाम’ वृक्षारोपण

शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया गया। शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने पौधे रोपकर उनके संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लिया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा गया कि पौधों की देखभाल करना आने वाली पीढिय़ों के सुरक्षित और स्वच्छ भविष्य के लिए हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के बीच मिठाई का वितरण किया गया। विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस प्रकार हंसी, उमंग, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मनोरंजक प्रतियोगिताओं, वृक्षारोपण और गुरुजनों के आशीर्वाद से शिक्षक दिवस का यह आयोजन विद्यालय के लिए एक यादगार एवं भावपूर्ण अवसर बन गया।


अन्य पोस्ट