बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 6 सितंबर। जिला मुख्यालय स्थित एक्स्ट्रा ऑर्डिनरी क्लास वल्र्ड स्कूल अंग्रेजी माध्यम में शिक्षक दिवस पर छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम आयोजित कर शिक्षकों को सम्मानित किया। विद्यार्थियों ने इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम खेल नृत्य नाटक का मंचन किया एवं विद्यालय के संचालकों समेत सभी शिक्षकों को तिलक लगाकर उपहार भेंटकर सम्मानित किया।
उक्त अवसर पर विद्यालय के संचालक अभिषेक तिवारी ने शिक्षक दिवस पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को नियमित संयमित अनुशासित और आज्ञाकारी बनने की बात कहते हुए माता पिता के साथ शिक्षकों एवं सभी बड़ों को सदैव सम्मान देने और उनकी आज्ञा मानने और अपने लक्ष्य की पूर्ति के लिए अथक परिश्रम करने की सलाह दी।
विद्यालय के संचालक टुकेश्वर वर्मा ने शिक्षक दिवस कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाने वाले बच्चों को बधाई दी और साथ ही कहा कि आप जीवन में कितनी भी शिक्षा ग्रहण कर लें, कितने भी ऊंचे ओहदे पर पहुंच जाएं, लेकिन जब तक आप अपने माता-पिता, गुरू का सम्मान नहीं करेंगे, आपकी सभी सफलताएं अधूरी ही रहेंगी।
उक्त अवसर पर विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं समेत शिक्षकगण उपस्थित रहे।