बलौदा बाजार

नौकरी के नाम पर 6 लाख की ठगी का आरोप, पिता-पुत्र पर एक और एफआईआर
05-Sep-2026 6:04 PM
नौकरी के नाम पर 6 लाख की ठगी का आरोप, पिता-पुत्र पर एक और एफआईआर

पूर्व सरपंच की शिकायत पर पुलिस ने शुरू की जांच

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 5 सितंबर। फर्जी स्थानांतरण आदेश मामले में जेल में बंद और भाजपा से छह वर्ष के लिए निष्कासित पूर्व जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी तथा उनके पुत्र प्रणव अवस्थी की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब नौकरी लगाने के नाम पर छह लाख रुपए की कथित ठगी का एक और मामला सामने आया है। ग्राम ओड़ान निवासी पूर्व सरपंच जीवन लाल कमल की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एफआईआर के अनुसार जीवन लाल कमल (49) खेती-किसानी करते हैं और ग्राम पंचायत ओड़ान के पूर्व सरपंच रह चुके हैं। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया है कि कृष्णा अवस्थी और प्रणव अवस्थी ने प्राथी सहित सोहन कन्नौजे, डोमार कन्नौजे एवं श्रीराम कन्नौजे को नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया और इसके एवज में उनसे छह लाख रुपए लिए।

शिकायतकर्ता के अनुसार 14 सितंबर 2025 को बलौदाबाजार स्थित भाजपा कार्यालय में नौकरी के लिए पहली किस्त के रूप में राशि दी गई थी। इसके बाद आरोपियों की ओर से एक माह के भीतर नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया जाता रहा। निर्धारित समय बीतने के बाद भी नौकरी नहीं लगने पर जीवन लाल ने रकम वापस करने की मांग की।

शिकायत के मुताबिक 16 फरवरी 2026 को कृष्णा अवस्थी ने संपर्क कर दूसरी किस्त में बाकी की रकम भी भाजपा कार्यालय में बुला कर ले ली। आरोप है कि उस समय नौकरी लगाने के संबंध में कलेक्टर कार्यालय के पास प्रणव अवस्थी ने मिलने के लिए बुलाया। इसके बाद भी मामला आगे नहीं बढ़ा और शिकायतकर्ता ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने नौकरी लगाने के नाम पर अन्य लोगों से भी रकम ली है। हालांकि, अन्य लोगों से रकम लेने संबंधी आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस अब शिकायत में बताए गए लेन-देन और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

एक के बाद एक सामने आ रहे नौकरी से जुड़े मामले

गौरतलब है कि कृष्णा अवस्थी और प्रणव अवस्थी पहले से ही आरएमए करण देवांगन के कथित फर्जी स्थानांतरण आदेश मामले में न्यायिक हिरासत में हैं। इस मामले में दोनों समेत छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इसके बाद कसडोल में बीज एवं कृषि विकास निगम के नाम पर कथित फर्जी नियुक्ति पत्र जारी कर दो लाख रुपए लेने का आरोप सामने आया था।

वहीं, शराब दुकान में सेल्समैन की नौकरी लगाने के नाम पर 50 हजार रुपए लेने के आरोप में भी प्रणव अवस्थी के खिलाफ सिटी कोतवाली में अलग से एफआईआर दर्ज हो चुकी है। इन मामलों में पुलिस कथित बैंक लेन-देन, मोबाइल और व्हाट्सऐप पर हुई बातचीत तथा संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट