बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 5 सितंबर। केंद्र सरकार द्वारा खाद्य तेलों के लिए निर्धारित किए गए नए मानकों के तहत 1 सितंबर से बाजार में केवल तय मात्रा वाले पैकेटों की ही बिक्री की जा सकेगी। पुराने स्टॉक को बेचने के लिए दी गई 31 अगस्त की समयावधि पूर्ण हो चुकी है।
अक्षय सोनी खाद्य एवं औषधि प्रशासन अधिकारी बलौदाबाजार ने बताया कि 31 अगस्त के बाद बाजार में उपलब्ध खाद्य तेल के पैकेटों की जांच की जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर विक्रेताओं और संबंधित कंपनियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य तेलों के लिए 200 एमएल, 500 एमएल, 1 लीटर, 2 लीटर, 3 लीटर, 4 लीटर, 5 लीटर, 15 लीटर और 20 लीटर की मात्रा निर्धारित की गई है।
पैकेट पर मात्रा (लीटर या मिलीलीटर) के साथ उसका शुद्ध वजन (ग्राम या किलोग्राम में) दर्ज करना कानूनी रूप से अनिवार्य किया गया है, ताकि उपभोक्ता विभिन्न ब्रांडों की दरों की तुलना कर सकें।
स्थानीय थोक व्यवसायियों के अनुसार, पूर्व में प्रचलित 800 ग्राम या 900 ग्राम के स्थान पर 1 लीटर के मानक पैकेट आने से पैकेज का अंतिम मूल्य (एमआरपी) तदनुसार परिवर्तित हो सकता है।
विधिक माप विज्ञान (लीगल मेट्रोलॉजी) अधिनियम के तहत निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर चालानी कार्रवाई और जुर्माने का प्रावधान है।