बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 5 सितंबर। जिला मुख्यालय में नहर को नाली में तब्दील किए जाने को लेकर पूर्व में उठाए गए सवाल अब लोगों की सुरक्षा से जुड़ी गंभीर चिंता में बदलते नजर आ रहे हैं।
शहर के वार्ड क्रमांक 20 स्थित सिविल लाइन नहर पार क्षेत्र में लगभग 10 फीट चौड़ी पुरानी नहर को संकीर्ण कर करीब दो फीट चौड़ी खुली नाली के स्वरूप में बना दिया गया हैं। अब यह संकरी संरचना राहगीरों, बुजुर्गों बच्चों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का कारण बनती जा रही हैं। हाल ही में इस नाली में भैंस के फंसने तथा वाहन के फंसने की दुर्घटनाएं सामने आई हैं। नाली में गिरने वाले मवेशियों को बाहर निकालने में भी लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब नहर को लाइनिंग के नाम पर इस तरह संकेत किया गया है तो उसकी सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम क्यों नहीं किए गए।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से नाली की चौड़ाई व संरचना की तत्काल जांच करने खुले हिस्से को सुरक्षित रखने तथा आवश्यक स्थान पर मजबूत ढलान या रेलिंग लगाने की मांग की हैं। लोगों का कहना है कि किसी बड़े हादसे या जनहानि का इंतजार करने के बजाय विभाग को तत्काल सुरक्षा उपाय करने चाहिए। पूर्व में विभाग की ओर से कहा गया था कि वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा और ड्राइंग डिजाइन के अनुमोदन के बाद ही नाली नुमा संरचना तैयार की गई हैं। यह भी बताया गया कि भविष्य में नगर पालिका द्वारा इसके ऊपर सडक़ बनाई जाने की संभावना को ध्यान में रखा गया हैं।
लेकिन वर्तमान में खुली नाली में मवेशियों और वाहन के फंसने की दुर्घटनाएं ने सुरक्षा व्यवस्था पर नया सवाल खड़ा कर दिया हैं।
गौरतलब है कि जल संसाधन विभाग की 14 नंबर नहर की वितरक शाखा में लाइनिंग कार्य को लेकर पूर्व में भी सवाल उठ चुके हैं। सावरा डेरा से कोकड़ी पुल तक करीब 7 किलोमीटर नहर लाइनिंग का कार्य लगभग 355.11 लख रुपए की लागत से कराया जा रहा हैं। बलौदाबाजार से कोकड़ी क्षेत्र के बीच पारंपरिक चौड़ी नहर के बजाय नाली नुमा संरचना बनाए जाने पर स्थानीय लोगों ने भूजल रिचार्ज निर्माण गुणवत्ता और भविष्य में नहर की जमीन पर अतिक्रमण की आशंका जताई थी।