बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 2 सितंबर। बलौदाबाजार-सिमगा मार्ग के वैकल्पिक रास्ते पर स्थित देवरानी और जेठानी के बीच बंजारी नाला पुल की कंक्रीट उखडऩे और एक हिस्सा धंसने से आवागमन प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, पुल का निर्माण लगभग 27 वर्ष पूर्व (1997-98) हुआ था। इसकी बरसों से मरम्मत नहीं की गई। जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है।
ओवरलोड गाडिय़ों ने सडक़ों को किया बदहाल
मुख्य सिमगा-बलौदाबाजार मार्ग जर्जर होने के कारण इस वैकल्पिक मार्ग पर भारी वाहनों (16 व 18 चक्का) का दबाव बढ़ा है, जिससे प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत बनी सडक़ और कंक्रीट मार्ग को नुकसान पहुंचा है। भारी वाहनों के आवागमन और जलभराव के कारण पुल का एक हिस्सा लगभग एक फीट नीचे धंस गया है तथा कंक्रीट उखडऩे से अंदर लगी लोहे की छड़ें (रॉड) दिखाई देने लगी हैं।
पूर्व सरपंच नुकूल ध्रुव के अनुसार, आसपास की लगभग 15 पंचायतों के 20 हजार से अधिक लोग, दैनिक आवागमन, एम्बुलेंस और स्कूली वाहनों के लिए इसी मार्ग पर निर्भर हैं।
स्थानीय ग्रामीणों द्वारा मरम्मत की मांग के बीच संबंधित विभागों के अधिकारियों का कहना है कि यह पुल उनके रिकॉर्ड में दर्ज नहीं है।
लोक निर्माण विभाग इंजीनियर विश्वनाथ कुर्रे के अनुसार, पुल पीडब्ल्यूडी द्वारा निर्मित नहीं है। वहीं पीएमजीएसवाई इंजीनियर हेमंत बंजारे ने बताया कि यह पुल उनके विभाग के अंतर्गत नहीं आता।
सिंचाई विभाग इंजीनियर वीर सिंह के अनुसार, पुल का निर्माण सिंचाई विभाग द्वारा नहीं कराया गया है। संभावना व्यक्त की जा रही है कि निर्माण कार्य पंचायत विभाग के माध्यम से हुआ होगा। स्थानीय निवासियों मोहित वर्मा, सुखनंदन नायक, जीवन जायसवाल आदि ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से सडक़ और पुल के जीर्णोद्धार की मांग की है।