बलौदा बाजार
निष्कासित भाजपा जिला महामंत्री के खिलाफ एसपी से शिकायत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 31 अगस्त। फर्जी स्थानांतरण आदेश मामले में जेल में बंद एवं भाजपा से निष्कासित पूर्व जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी के विरुद्ध शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय (जारा) में पदस्थ कर्मचारी मेघनाथ बंजारे ने पुलिस अधीक्षक से लिखित शिकायत की है। शिकायत में नौकरी लगाने और स्थानांतरण कराने के नाम पर 10 लाख से अधिक की ठगी का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, स्थानांतरण कराने के नाम पर 30 हजार लिए गए थे। कार्य न होने पर राशि वापस मांगने पर उनके पुत्र और दो अन्य परिचितों की सरकारी नौकरी लगाने का आश्वासन दिया गया।
फर्जी नियुक्ति पत्र का आरोप लगाते बताया कि संचालनालय भौमिकी एवं खनिकर्म सहित अन्य विभागों के कथित नियुक्ति पत्र सौंपे गए, जो जांच में फर्जी पाए जाने का दावा किया गया है।
शिकायतकर्ता का दावा है कि ठगी की राशि में से लगभग 6 लाख डिजिटल माध्यम से कृष्णा अवस्थी के पुत्र प्रणव अवस्थी के खाते में स्थानांतरित किए गए, जबकि शेष राशि नकद एवं चेक के माध्यम से दी गई। पीडि़त ने पुलिस प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने तथा राशि वापस दिलाने की मांग की है। उल्लेखनीय है कि कृष्णा अवस्थी फर्जी स्थानांतरण आदेश मामले में वर्तमान में जेल में बंद हैं और भाजपा द्वारा उन्हें 6 वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित किया जा चुका है।
पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।