बलौदा बाजार

हफ्ते भर में 21 नमूने लिए गए, 107 किलो खराब खाद्य सामान कराया नष्ट
29-Aug-2026 6:26 PM
हफ्ते भर में 21 नमूने लिए गए, 107 किलो खराब खाद्य सामान कराया नष्ट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 29 अगस्त। खाद्य एवं औषधि प्रशासन टीम द्वारा गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री की उपलब्धता हेतु सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। विगत एक सप्ताह में कुल 21 नमूने, जिसमें 7 विधिक व 14 सर्विलांस नमूने लिए गये तथा 107 किलोग्राम खराब खाद्य सामाग्री को जनस्वास्थ्य को होने वाले संभावित खतरे के आधार पर मौके पर नष्ट कराया गया है।

मंगलवार को खाद्य सुरक्षा दल द्वारा कलकत्ता स्वीट्स गांधी चौक बलौदाबाजार, रूपड़ा मिष्ठान भंडार बलौदाबाजार, जय माँ दुर्गा स्वीट्स जय स्तम्भ चौक सिमगा, बालाजी जोधपुरी स्वीट्स तिगड्डा चौक सिमगा व अमित स्वीट्म सिमगा का निरीक्षण कर बेसन लड्डू, पेड़ा, मिल्क केक, मलाई पेड़ा, खोया, गुलाब जामुन, शक्कर पारा, मेवा, मेथी मटरी व बेमन पापड़ी का नमूना जांच हेतु लेकर राज्य खाद्य परिक्षण प्रयोगशाला भेजा गया।

 रिपोर्ट में मिलावट या अमानकता पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत कड़ी वैधानिक व दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। रूपड़ा मिष्ठान भंडार में हेड कवर, ग्लब्स का उपयोग नहीं करने पर खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया गया।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले के सभी खाद्य कारोबारियों को सख्त हिदायत दी है कि वे त्योहारों के दौरान केवल उच्च गुणवत्ता और स्वच्छता मानकों के अनुरूप ही खाद्य पदार्थों का निर्माण व विक्रय करें। बिना खाद्य पंजीयन या लाइसेंस के मंचालित होने वाले अस्थायी स्टॉलों और शहरी क्षेत्रों से ग्रामीण हाट-बाजारों की ओर होने वाली संदिग्ध मिठाइयों की सप्लाई चैन पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।


अन्य पोस्ट