बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 26 अगस्त। स्वास्थ्य विभाग में कथित फर्जी स्थानांतरण आदेश तैयार कराने के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, अनुशासनहीनता और दल की छवि प्रभावित करने के आरोप में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश संगठन ने दो पदाधिकारियों को प्राथमिक सदस्यता से छह वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया है।
रोहांसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ ग्रामीण चिकित्सा सहायक (आरएमए) करण कुमार देवांगन ने 17 अगस्त को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी में स्थानांतरण आदेश प्रस्तुत किया था। इस आदेश में रोहांसी से मोपर (विकासखंड भाटापारा) स्थानांतरित किए जाने का उल्लेख था।
संदेह होने पर बीएमओ कार्यालय द्वारा जांच कराए जाने पर सीएमएचओ कार्यालय ने स्पष्ट किया कि ऐसा कोई स्थानांतरण आदेश जारी नहीं किया गया है।
बीएमओ की शिकायत पर थाना पलारी में मामला दर्ज कराया गया।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5), 318(4), 336(3), 337, 338 और 340(2) के तहत अपराध दर्ज कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें कृष्णा अवस्थी (तत्कालीन भाजपा जिला महामंत्री), पुनीराम पटेल (तत्कालीन भाजपा जिला उपाध्यक्ष), करण कुमार देवांगन (ग्रामीण चिकित्सा सहायक), रवि कुमार सेन (ग्रामीण चिकित्सा सहायक), कृष्णा अवस्थी के पुत्र प्रणव अवस्थी तथा कंप्यूटर ऑपरेटर प्रखर कश्यप शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और प्रक्रिया से जुड़े आर्थिक पहलुओं की जांच की जा रही है। 25 अगस्त को भाजपा प्रदेश संगठन ने जिला संगठन की अनुशंसा पर तत्कालीन जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी और जिला उपाध्यक्ष पुनीराम पटेल को 6 वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया। निष्कासन पत्र में पार्टी अनुशासनहीनता को आधार बताया गया है।