बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 25 अगस्त। बलौदाबाजार-बिलासपुर मुख्य मार्ग के अंतर्गत करही मैकरी चौक से शिवनाथ नदी के मध्य लगभग चार किलोमीटर सडक़ का हिस्सा बदहाल है। सडक़ पर गड्ढे होने और वर्षा का जल भरने से यातायात में असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
बलौदाबाजार के वरिष्ठ अधिवक्ता सतीश चन्द्र श्रीवास्तव ने लोक निर्माण विभाग और स्थानीय प्रशासन से सडक़ के मरम्मत की मांग की है।
बिलासपुर में उच्च न्यायालय, व्यापारिक केंद्रों और शैक्षणिक संस्थानों के स्थित होने के कारण इस मार्ग पर नियमित रूप से वाहनों का आवागमन रहता है। सडक़ पर गड्ढों की वजह से वाहनों की गति प्रभावित हो रही है। अधिवक्ता सतीश चन्द्र श्रीवास्तव ने कहा कि मार्ग की स्थिति के कारण दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। उन्होंने संबंधित विभाग से स्थल निरीक्षण कर गड्ढों के भराव एवं आवश्यक मरम्मत कार्य को शीघ्र कराने का आग्रह किया है।