बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 24 अगस्त। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव सरकार की मंशा है कि हम अपने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति से रची, बसी एवं राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत शिक्षा दें। उक्त बातें प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने शिशु मंदिर में पत्रकार वार्ता के दौरान कहीं।
श्री यादव सरस्वती शिशु मंदिर में चल रही मध्य प्रदेश तथा छत्तीसगढ़ के विभिन्न विद्यालयों के खेल प्रतियोगिताओं के समापन कार्यक्रम में आए हुए थे। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्कूलों की शिक्षा वह शिक्षा होती है जहां से बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार भी मिलते हैं इसीलिए स्कूलों में हम दीप मंत्र, सरस्वती वंदना, गुरु मंत्र, राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम ,राष्ट्रगान तथा स्कूली छुट्टी के समय राज गीत, गायत्री मंत्र तथा शांति मंत्र का पाठ पढ़ाते हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ हमने बच्चों के गणवेश में भी बदलाव किया है स्कूली बच्चों को अब अच्छी गुणवता वाले स्कूली ड्रेस मिल रहे हैं तथा किताबें तथा बालिकाओं को साइकिल पूर्व की भांति हम दे रहे हैं स्कूलों के भवनसर्व सुविधा युक्त हो इस बात का विशेष ध्यान रखा जा रहा है और जो स्कूली शिक्षक पहले की सरकार में गौठानों की देखरेख के काम में लगा दिए थे हमने उनको वापस स्कूलों में बुला लिया है और आगे चलकर हम छत्तीसगढ़ी भाषा में भी शिक्षा देने जा रहे हैं।
स्कूलों में प्रशासनिक कसावट भी की जा रही है पहले सी व्याख्याता सीधे बीईओ एवं डीईओ बनते थे अब प्रिंसिपल और वह भी अनुभव वाले उनको हम बीईओ एवं डीईओ बना रहे हैं। प्रदेश की जनता की सेवा में लगी विष्णु देव की सरकार के खिलाफ कांग्रेस को कोई मुद्दा नहीं मिल रहा है इसीलिए वह छात्रों को अपना हथियार बना रही है,परंतु इसमें वह कामयाब होने वाली नहीं है।
इस दौरान कार्यक्रम में उन्होंने भाटापारा सरस्वती शिशु मंदिर के लिए 10 लाख तथा सिंगारपुर, कड़ार एवं तरेगा के सरस्वती शिशु मंदिर के स्कूलों को तीन-तीन लाख रुपए देने की घोषणा की। पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, नगर पालिका के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा एवं सरस्वती शिशु मंदिर भाटापारा के अध्यक्ष वल्लभ लाहोटी थे।