बलौदा बाजार

कपड़े की दुकान में लगी आग, लाखों के कपड़े जलकर राख
24-Aug-2026 3:52 PM
कपड़े की दुकान में लगी आग, लाखों के कपड़े जलकर राख

शार्ट सर्किट से हादसे की आशंका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 24 अगस्त। कसडोल थाना क्षेत्र में बीती रात उस वक्त हडक़ंप मच गया, जब बाजार स्थित महामाया क्लाथ स्टोर में भीषण आग लग गई। इस घटना में लाखों रुपए के कपड़े जलकर राख हो गए।

बताया जा रहा है कि कसडोल थाना क्षेत्र में जुगत राम साहू का महामाया क्लाथ स्टोर है, जहां त्योहार सीजन को देखते हुए काफी मात्रा में नये कपड़ों का स्टाक रखा हुआ था। रविवार की रात स्टोर में भीषण आग लग गई, जिससे हडक़ंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही कसडोल पुलिस सहित दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इस घटना में दुकान और गोदाम में रखे लाखों रुपए के कपड़े जलकर राख हो गए। वहीं आग के कारणों का पता नहीं चला है। आशंका जताई जा रही है कि शार्ट सर्किट की वजह से आग लगी होगी। फिलहाल कसडोल पुलिस घटना की जांच में जुटी है।


अन्य पोस्ट