बलौदा बाजार
13 सौ साल पुराना मंदिर आज भी सुनाता है इतिहास
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 24 अगस्त। सावन का महीना शुरू होते ही मंदिरों में घंटियों की गूंज, हर-हर महादेव के जयकारे और कांवडिय़ों की पदयात्रा माहौल को भक्तिमय बना देती है। कई किलोमीटर चलकर कांवडि़ए और भक्त शिवालयों में जल चढ़ाते हैं। छत्तीसगढ़ में भी कई प्राचीन शिवालय मौजूद हैं जो अपने आप में ना सिर्फ आस्था बल्कि इतिहास, वास्तुकला का भी संगम हैं। ऐसा ही है एक मंदिर है बलौदाबाजार के पलारी का सिद्धेश्वर मंदिर जो 7वीं सदी का बताया जाता है।
स्वयंभू शिवलिंग में श्रद्धालुओं की आस्था
स्थानीय मान्यता के अनुसार मंदिर में स्थापित शिवलिंग स्वयंभू है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि सावन में यहां जलाभिषेक करने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं और परिवार में सुख-समृद्धि आती है। इसी वजह से हर साल सावन के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
सिद्धेश्वर महादेव मंदिर छत्तीसगढ़ के सबसे पुराने मंदिरों में गिना जाता है। इतिहासकारों के अनुसार इसका निर्माण 7वीं से 8वीं शताब्दी के बीच हुआ था। करीब 1300 साल पुराना होने के बावजूद यह मंदिर आज भी मजबूती से खड़ा है।
इस मंदिर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसका निर्माण पकी हुई लाल ईंटों से किया गया है। उस समय अधिकांश मंदिर पत्थरों से बनाए जाते थे, लेकिन पलारी का सिद्धेश्वर मंदिर और सिरपुर का लक्ष्मण मंदिर ईंटों से बने दुर्लभ प्राचीन मंदिरों में शामिल हैं।
नागर शैली की शानदार वास्तुकला
मंदिर उत्तर भारतीय नागर शैली में बनाया गया है। इसका ऊंचा शिखर, गर्भगृह, प्रवेश द्वार और दीवारों पर बनी सुंदर नक्काशी लोगों को आकर्षित करती है। लाल ईंटों पर बनी बेल-बूटे, जालीदार डिजाइन और देवी-देवताओं की कलाकृतियां इसकी सुंदरता को और बढ़ाती हैं।
बिना सीमेंट के सदियों से सुरक्षित
मंदिर के निर्माण में आधुनिक सीमेंट और लोहे का इस्तेमाल नहीं किया गया था। विशेषज्ञों के अनुसार उस समय चूना, उड़द की दाल, गुड़, बेल का गूदा और विशेष प्रकार की मिट्टी के मिश्रण से ईंटों को जोड़ा गया था. यही वजह है कि यह मंदिर आज भी मजबूत स्थिति में है।
इतिहास और संस्कृति की धरोहर
इतिहासकार इस मंदिर को सिरपुर के प्रसिद्ध लक्ष्मण मंदिर के समकालीन मानते हैं। मंदिर के प्रवेश द्वार पर गंगा और यमुना की प्रतिमाएं बनी हैं। इसके अलावा द्वारपाल, गंधर्व और भगवान शिव से जुड़ी कई प्राचीन कलाकृतियां यहां की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करती हैं।
सुरक्षा और सुविधाओं के खास इंतजाम
सावन में और खासकर सावन सोमवार को श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस भी विशेष व्यवस्था करती है। पुरुष और महिलाओं के लिए अलग-अलग कतारें बनाई जाती हैं। मंदिर परिसर में सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात रहता है, जबकि सामाजिक संगठनों ने श्रद्धालुओं के लिए पेयजल और फलाहार की व्यवस्था करते हैं।
धार्मिक महत्व के साथ-साथ यह मंदिर पर्यटन की दृष्टि से भी बेहद खास है। यदि इसे सिरपुर और तुरतुरिया जैसे ऐतिहासिक स्थलों के साथ हेरिटेज सर्किट के रूप में विकसित किया जाए तो यह छत्तीसगढ़ के प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन स्थलों में शामिल हो सकता है।
पलारी का सिद्धेश्वर महादेव मंदिर सिर्फ पूजा का स्थान नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक है। 1300 साल पुराना यह मंदिर आज भी अपनी भव्यता, प्राचीन वास्तुकला और धार्मिक महत्व के कारण श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है।