बलौदा बाजार

स्मार्ट मीटर हटाओ, पुराना लगाओ अभियान को लेकर बैठक
20-Aug-2026 3:38 PM
स्मार्ट मीटर हटाओ, पुराना लगाओ अभियान को लेकर बैठक

घर-घर पहुंचकर भराए गए फॉर्म

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 20 अगस्त। स्मार्ट मीटर हटाओ, पुराना मीटर लगाओ अभियान को लेकर आज जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय, बलौदाबाजार में महत्वपूर्ण ब्लॉक स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के जिला प्रभारी सकलेन कामदार एवं जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सुमित्रा धृतलहरे विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

बैठक का आयोजन शहर कांग्रेस कमेटी बलौदाबाजार के अध्यक्ष प्रवीण सेन के नेतृत्व में किया गया। बैठक में अभियान को शहर के प्रत्येक वार्ड एवं बूथ स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाने तथा अधिक से अधिक नागरिकों को अभियान से जोडऩे की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के पश्चात अभियान के जिला प्रभारी सकलेन कामदार, जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सुमित्रा धृतलहरे एवं शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रवीण सेन सहित कांग्रेसजनों ने वार्ड क्रमांक 15 में पहुंचकर आम नागरिकों से संपर्क किया। इस दौरान स्मार्ट मीटर से संबंधित जानकारी देते हुए नागरिकों के फॉर्म भरवाए गए तथा उनकी समस्याओं एवं चिंताओं को भी सुना गया।

जिला प्रभारी ने कहा कि अभियान को केवल बैठक तक सीमित न रखते हुए प्रत्येक वार्ड में घर-घर तक पहुंचाया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ता आम उपभोक्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को समझेंगे और अभियान के फॉर्म भरवाने में सहयोग करेंगे। जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सुमित्रा धृतलहरे ने कहा कि जनहित से जुड़े इस अभियान को सफल बनाने के लिए कांग्रेस के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पूरी सक्रियता के साथ मैदान में उतरें और आम जनता की आवाज को मजबूती से उठाएं।

शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रवीण सेन ने कहा कि शहर के सभी 21 वार्डों में अभियान को चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा। प्रत्येक वार्ड में कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर नागरिकों से संपर्क करेंगे तथा स्मार्ट मीटर के संबंध में उनके फॉर्म भरवाने एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने का कार्य करेंगे।

इस अवसर पर पूर्व पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी, पूर्व विधायक जनक राम वर्मा, दिनेश यदु, परमेश्वर यदु, दीपक साहू, हेमचंद केसरवानी, लखेश साहू, नीरज बांधे, मोहन साहू, मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र जायसवाल, गोल्डी मारईया, पद्मेश्वरी साहू, संतोष तिवारी, पार्षदगण डिगेश्वरी रविंद्र नामदेव सलमान शेख, सुरेश धृत लहरे, सुमन कोसले, सूर्यकांत वर्मा, पवन दास मानिकपुरी, कृष्ण टंडन, जय सिंह ठाकुर, शैलेंद्र ध्रुव सहित समस्त कांग्रेस जन उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट