बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 20 अगस्त। शहर के बायपास मार्ग पर बने विशाल गड्ढे अब वाहन चालकों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गए हैं। करीब 11 वर्ष पहले निर्मित इस मार्ग की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि बारिश के दिनों में गड्ढों में पानी भरने के बाद छोटे वाहनों का आवागमन तक मुश्किल हो जाता हैं। कई जगह तो कार, ऑटो और पिकअप जैसे वाहन गड्ढों में फस जा रहे हैं। रिसदा बायपास से पनगांव तक सडक़ की स्थिति सबसे अधिक खराब हैं। भारी वाहनों के गुजरने के दौरान ट्रकों के पट्टे टूटने और वाहन बीच सडक़ पर खड़े हो जाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार सप्ताह में दो से तीन भारी वाहन इन गड्ढों में फंसने या पलटने की स्थिति में पहुंच रहे हैं।
मरम्मत के दावों के बावजूद नहीं सुधरी हालत
लोक निर्माण विभाग संभाग बलौदाबाजार द्वारा पिछले वर्ष अक्टूबर, नवंबर में जिले की 85 सडक़ों के पेज रिपेयर और मरम्मत कार्य पर 5.85 करोड़ रुपए खर्च करने की जानकारी दी गई थी। विभाग ने बायपास के पेचवर्क और रिपेयर कार्य पूर्ण होने का भी दावा किया था। लेकिन इसके बाद भी रिसदा बायपास से सकरी, पनगांव तक सडक़ पर बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। वर्तमान स्थिति यह है कि जर्जर सडक़ और विभागीय लापरवाही के कारण पूरा बायपास मार्ग दुर्घटना संभावित क्षेत्र बन चुका हैं।
यह मार्ग जांजगीर चांपा, कोरबा, रायगढ़ सहित अन्य क्षेत्रों से आने वाले भारी वाहनों के लिए प्रमुख रास्ता है इसी तरह रिसदा बायपास से होकर प्रतिदिन 600 से अधिक ट्रक कैप्सूल और हाईवा सीमेंट संयंत्रों तक पहुंचाते हैं।
सकरी बायपास में सबसे ज्यादा खतरा
सकरी बायपास मार्ग पर स्थित बेहद खराब हैं। यहां बने डबरीनुमा गहरे गड्ढों में तीन पहिया और चार पहिया वाहन तक फंस रहे हैं। वहीं दो पहिया वाहन चालकों के लिए हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता हैं। भारी वाहनों की आवाजाही के कारण पहले से कमजोर हो चुके बायपास मार्ग पर बारिश से समस्या और बढ़ा दी हैं। सडक़ पर बने गड्ढों में पानी भरने से वाहन चालकों को गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ गया हैं। इसी तरह बलौदाबाजार से सिमगा तक करीब 55 किलोमीटर लंबे मार्ग की हालत भी खराब बनी हुई हैं। वाहन चालकों और स्थानीय लोग जल्द सडक़ मरम्मत की मांग कर रहे हैं। कार्यपालन अभियंता अनुज शर्मा ने कहा कि शीघ्र ही बायपास के जर्जर हिस्से का पेज रिपेयर के अलावा गड्ढों को मेटल से भरकर वाहनों के आवागमन के योग्य बनाया जाएगा।