बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 19 अगस्त। खरीफ सीजन में धान की फसल के पानी की जरूरत को देखते हुए अब एक बार फिर गंगरेल बांध से नहरे में पानी छोड़े जाने की मांग तेज हो गई हैं। हालांकि इस बार किसानों की खुशी के साथ-साथ चिंता भी साफ नजर आ रही है क्योंकि नहरों की जर्जर हालत के कारण पानी का अपव्यय होने और खेतों तक पहुंचने में देरी की आशंका बढ़ गई हैं। खासतौर पर पलारी क्षेत्र से गुजरने वाली लवन शाखा नहर की स्थिति बेहद खराब हो गई है, जिससे किसानों को आने वाले दिनों में सिंचाई को लेकर कई मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता हैं।
इस मामले पर जल संसाधन विभाग के एसडीओ और एल निराला ने कहा कि नहरों की मरम्मत के लिए विभाग पूरी तरह सजग हैं। उन्होंने बताया कि किसानों को पानी की कमी नहीं होने दी जाएगी। विभाग सभी कर्मियों को दूरी करने में जुटा हुआ है और जल्द ही नेहरो की मरम्मत कर दी जाएगी ताकि समय पर पानी छोड़ा जा सके। किसानों का कहना है कि लवन शाखा नहर जो पलारी नगर के बीचों-बीच से गुजरती है इन दोनों जगह-जगह टूटी हुई हैं। नहर की दीवार एक स्थान पर पूरी तरह से ध्वस्त हो गई हैं, जबकि कई अन्य हिस्सों में नहर की कांक्रीट सीसी लाइनिंग उखड़ गई हैं। ग्रामीणों के अनुसार यदि इस हालत में नहर में पानी छोड़ा गया तो पानी नहर के रास्ते में ही बाहर निकल जाएगा। इसका सबसे बड़ा खतरा यह है कि टूटी दीवार के कारण नहर का पानी सीधे पास स्थित बिजली ऑफिस और निचली बस्ती की तरफ बह सकता हैं, जिससे वहां जलभराव हो सकता हैं। वहीं टेल एरिया तक पानी कम पहुंचेगा।
मरम्मत से पहले छोड़ा तो आधे रास्ते में ही बर्बाद होगा
किसान झाड़ीराम कनोजे ने बताया कि करीब 10 वर्ष पहले इस नहर का सीसी लाइनिंग किया गया था, ताकि पानी तेजी से बहे कम समय में खेतों तक पहुंचे। अब लाइनिंग जगह-जगह से टूट गई हैं। अगर विभाग ने पहले मरम्मत नहीं कराई तो नहर में पानी छोडऩे का कोई मतलब नहीं रहेगा क्योंकि आधा पानी रास्ते में ही बर्बाद हो जाएगा।
टेल एरिया तक पानी पहुंचने पर संशय बना
इसी तरह गिररा गांव के किसान रघुनंदन लाल वर्मा ने भी चिंता जताई उन्होंने बताया कि पहले जब नहर अच्छी स्थिति में थी तो टेल एरिया तक भी पानी आसानी से पहुंच जाता था और किसी तरह का सिपेज नहीं होता था। लेकिन अब नहर के जर्जर हो जाने से पानी का रिसाव अधिक हो होगा और खेतों तक पानी पहुंचाने में लगने वाला समय भी बढ़ जाएगा।
गौरतलब है कि गंगरेल बांध से आमतौर पर 15 अगस्त के बाद धान की फसल की रोपाई और निदाई के लिए पानी छोड़ा जाता हैं। ऐसे में अब पानी छोड़े जाने में मुश्किल से कुछ ही समय बचा है ।
और ऐसे में नहरों की मरम्मत अत्यंत आवश्यक हो गई हैं। अगर विभाग ने अभी से काम शुरू नहीं किया तो जब पानी छोड़ा जाएगा उस वक्त नहरों के टूटे हिस्सों से पानी बाहर निकल जाएगा।