बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 18 अगस्त। शिक्षा, संस्कार, समर्पण और सफलता के लिए ख्याति प्राप्त तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पित शिक्षण संस्थान डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, टिकुलिया, भाटापारा में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति, भारतीय संस्कृति और राष्ट्रीय एकता से ओत-प्रोत भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारत के वीर सपूतों के बलिदान, देश की एकता एवं अखंडता, संप्रभुता और विविधतापूर्ण संस्कृति की मनमोहक झलक देखने को मिली।
स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी मुकेश शर्मा, उनकी पत्नी सरिता शर्मा तथा समाजसेवी एवं महिला सशक्तिकरण की प्रेरणास्रोत कमला राजेश साहू द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके पश्चात राष्ट्रगान एवं तिरंगे को नमन किया गया। पूरा विद्यालय परिसर भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयघोष से गूंज उठा।
मुख्य अतिथि मुकेश शर्मा ने समस्त देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हम सभी को अपने देश के प्रति जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनना चाहिए। देश के प्रति समर्पण की भावना की शुरुआत हमारे परिवार से होकर समाज और राष्ट्र तक पहुंचती है। उन्होंने डीएवी के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थी देश का भावी भविष्य हैं और उनके भीतर राष्ट्रप्रेम एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करना हम सभी का दायित्व है। इसी क्रम में कमला राजेश साहू ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन अत्यंत अनमोल होता है। विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करते हुए निरंतर मेहनत और लगन से सफलता के नए शिखर प्राप्त करने का प्रयास करना चाहिए।
डीएवी टिकुलिया भाटापारा के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने भारत माता को समर्पित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभक्ति और भारतीय संस्कृति का अद्भुत प्रदर्शन किया।विद्यार्थियों की विविधतापूर्ण प्रस्तुतियों ने अनेकता में एकता की भावना को साकार करते हुए यह संदेश दिया कि भारत की शक्ति उसकी विविध संस्कृति, परंपराओं और एकता में निहित है। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों, अनुशासन और उत्साह ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार बना दिया।